Giridih news: बनियाडीह में बन रहा 60 फीट ऊंचा पंडाल

Giridih news:ऐसी मान्यता है कि सच्चे मन से मांगी गई मनोकामना मां अवश्य पूरा करती है. यही वजह है कि मनोकामना पूर्ण होने पर श्रद्धालु यहां चढ़ावा चढ़ाते हैं. मां दुर्गा की आरती के दौरान मंडप और मंदिर परिसर के बाहर भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ती है. पूजा के सफल आयोजन में सीसीएल प्रबंधन के अलावे अकदोनी खुर्द पंचायत, अकदोनी कला पंचायत, चुंजका पंचायत के लोगों की भूमिका रहती है. यहां पर कंधे पर मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन होता है. मां की प्रतिमा को कंधा लगाने के लिए भक्तों में जबरदस्त उत्साह दिखता है. इस वर्ष पंडाल के अलावा बेहतर तरीके से प्रकाश व्यवस्था की जा रही है.

गिरिडीह कोयलांचल क्षेत्र के बनियाडीह में 1940 के दशक से दुर्गापूजा हो रही है. हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी बनियाडीह सेंट्रल दुर्गापूजा कमेटी भव्य तैयारी कर रही है. बनियाडीह में भव्य पंडाल का निर्माण हो रहा है. यहां पर दुर्गापूजा के दौरान जिले के अलावा बिहार व बंगाल से भी श्रद्धालु पहुंचते हैं. इस बार यहां लगभग 60 फीट ऊंचा पंडाल बनाया जा रहा है. शुरुआती दौर में गिरिडीह कोलियरी में कार्यरत अधिकारियों व कर्मचारियों के सहयोग से दुर्गापूजा होती थी. उस समय इसका स्वरूप छोटा था. बाद के दिनों में सीसीएल अधिकारियों-कर्मचारियों के अलावा कोयलांचल क्षेत्र की कई पंचायतों के लोग पूजा के आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लेने लगे. यहां पर भव्य मेला का आयोजन होता है, जिसमें बच्चों के मनोरंजन के तमाम साधन उपलब्ध होते हैं. यहां पर झूला, खिलौना, चाट-गुपचुप, शृंगार दुकान सहित कई अन्य दुकानें लगतीं हैं. इस क्षेत्र के कई लोगों के रिश्तेदार बिहार व बंगाल में रहते हैं. दुर्गापूजा के दौरान वे लोग सपरिवार यहां पहुंचते हैं. पूजा के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहता है.

पूजा की तैयारी में जुटे हुई है सेंट्रल दुर्गापूजा कमेटी

दुर्गापूजा की तैयारी में सेंट्रल दुर्गापूजा कमेटी बनियाडीह के पदाधिकारी व सदस्य जुटे हुए हैं. पूजा कमेटी के अध्यक्ष प्रमोद सिंह, सचिव दिलीप पासवान, उपाध्यक्ष दिनेश यादव सहित अन्य पदाधिकारी व सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं. सीसीएल प्रबंधन का भी सहयोग प्राप्त हो रहा है. इस संबंध में पूजा कमेटी के सचिव दिलीप पासवान ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी दुर्गापूजा को लेकर भव्य तैयारी चल रही है. सुरक्षा व स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह से कोई दिक्कत ना हो. उन्होंने बताया कि सुरक्षा के लिए सीसीटीवी लगाये जायेंगे. उपाध्यक्ष दिनेश यादव ने बताया कि दुर्गापूजा में भव्य मेला का आयोजन होगा. पूजा कमेटी की ओर से वॉलंटियर जगह-जगह तैनात रहेंगे. पूजा के दौरान पुलिस बल के जवान भी तैनात रहते हैं. यहां पर बांग्ला पद्धति से पूजा होती है. पूजा की तैयारी में अजय कुमार, संजीवन राम, सव्यसाची चटर्जी, प्रदीप राम, संतोष यादव, चंद्रकांत सिंह, सन्नी सिंह, राहुल कुमार सहित तमाम सदस्य जुटे हुए हैं.

श्रमदान कर साफ-सफाई करेंगे पूजा समिति के सदस्य

गिरिडीह. बनियाडीह सेंट्रल दुर्गापूजा कमेटी के सदस्यों ने 21 सितंबर को श्रमदान कर साफ-सफाई करने का निर्णय लिया है. इस संबंध में कमेटी के सचिव दिलीप पासवान ने बताया कि रविवार की सुबह सात बजे कमेटी के तमाम पदाधिकारी व सदस्य बनियाडीह दुर्गा मंडप के पास जुटेंगे. इसके बाद सभी श्रमदान कर मंडप के आसपास एवं मेला लगने वाले परिसर की सफाई करेंगे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: MAYANK TIWARI

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >