रांची/गिरिडीह : झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने कहा कि विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अभी सीट शेयरिंग पर कोई फैसला नहीं हुआ है. बदलाव यात्रा समाप्त होने के बाद इस संदर्भ में गठबंधन दलों के साथ बात की जायेगी.
उन्होंने कहा कि झामुमो को अपनी क्षमता व ताकत का एहसास है. इसी के तहत हम चुनाव मैदान में उतरेंगे. उक्त बातें उन्होंने शुक्रवार को गिरिडीह परिसदन में पत्रकारों से बातचीत में कही.
विधानसभा चुनाव में कितनी सीटों पर झामुमो की दावेदारी के सवाल पर उन्होंने कहा कि बदलाव यात्रा के बाद इसका खुलासा किया जायेगा. उन्होंने रघुवर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य के संसाधनों को सरकार लूट रही है. यहां के किसानों, मजदूरों व नौजवानों के अधिकारों का हनन किया जा रहा है. महिलाओं व अल्पसंख्यकों पर उत्पीड़न की घटनाएं बढ़ गयी हैं. झारखंड में चुनाव से पहले सांप्रदायिक दंगों को अंजाम देने की कोशिश की जा रही है.
उन्होंने कहा कि आज गरीबों, मध्यम वर्ग व व्यापारियों की हालात खराब है. मंदी का दौर चल रहा है. नोटबंदी के बाद जो पैसा जमा हुआ, वह पैसा कहां गया. आखिर यह सरकार बैंकों का मर्जर क्यों कर रही है. इस सरकार ने पिछड़ी जातियों का सर्वनाश कर दिया है. हेमंत ने कहा कि भाजपा झूठ बोलने, षड्यंत्र रचने व आंखों में पर्दा डालने में डिग्री हासिल कर चुकी है. चुनाव के मद्देनजर जनता को भी सब्जबाग दिखाया जा रहा है. मौके पर केंद्रीय महासचिव सुदिव्य कुमार सोनू, जिलाध्यक्ष संजय सिंह भी मौजूद थे.
