रमना. श्री बंशीधर नगर थाना क्षेत्र में रमना प्रखंड के गम्हरिया गांव निवासी मोहन गुप्ता के 25 वर्षीय पुत्र प्रमोद कुमार गुप्ता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया है. घटना को लेकर क्षेत्र में हत्या और ट्रेन से कटने की आशंका के बीच मामला उलझ गया है. आक्रोशित ग्रामीणों ने जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पुलिस की गाड़ी का घेराव कर नाराजगी जतायी. अधिकारियों के समझाने के बाद मामला शांत हुआ. जानकारी के अनुसार प्रमोद कुमार गुरुवार को किसी काम से नगर ऊंटारी गया था. दोपहर करीब दो बजे नगर ऊंटारी रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन से कटने की सूचना रेलवे पुलिस को मिली थी. पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां शव नहीं मिला. बाद में पता चला कि कुछ लोग शव को वहां से हटा ले गये हैं. परिजनों ने बताया कि उन्हें आत्महत्या की सूचना मिली थी, लेकिन बाद में खोजबीन के दौरान शव जंगीपुर स्थित माइनर ग्राउंड के पास पुल के नीचे से बरामद किया गया. परिजनों का आरोप है कि प्रमोद की मौत ट्रेन से कटने से नहीं हुई, बल्कि उसकी हत्या कर शव को छिपाने का प्रयास किया गया है. उनका कहना है कि कुछ दिन पहले जमीन विवाद को लेकर गोतिया से झगड़ा हुआ था और इसकी शिकायत थाने में भी दी गई थी. इसी रंजिश में हत्या की आशंका जताई जा रही है.
युवक की संदिग्ध मौत, पुलिस वाहन का किया घेराव
युवक की संदिग्ध मौत, पुलिस वाहन का किया घेराव
