डंडई. प्रखंड क्षेत्र के रारो गांव स्थित देवी धाम के समीप लगा 63 केवीए क्षमता का विद्युत ट्रांसफॉर्मर जल जाने से करीब 100 घरों में बिजली आपूर्ति ठप हो गयी है. बिजली गुल होने से ग्रामीणों को घरेलू कामकाज के साथ बच्चों की पढ़ाई और पानी की व्यवस्था में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.ग्रामीणों के अनुसार, उक्त ट्रांसफॉर्मर पिछले करीब चार माह से खराब स्थिति में था. इसमें तेल की कमी हो गयी थी. इसके बावजूद किसी तरह बिजली आपूर्ति जारी थी.
ग्रामीणों ने बताया कि ट्रांसफॉर्मर से कभी-कभी धुआं भी निकलता था. इसकी सूचना भी बिजली विभाग के कर्मियों और संबंधित अधिकारियों को दी गयी थी. ग्रामीणों का कहना है कि लगातार खराब स्थिति और धुआं निकलने की जानकारी मिलने के बावजूद समय रहते ट्रांसफॉर्मर की जांच, मरम्मत या उसे बदलने की पहल नहीं की गयी. ग्रामीणों के मुताबिक, ट्रांसफॉर्मर की स्थिति लगातार खराब होती जा रही थी. कई बार धुआं निकलने के बाद ग्रामीणों को आशंका थी कि कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है. इसकी जानकारी विभाग को दिये जाने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया.
आखिरकार ट्रांसफॉर्मर जल गया और करीब 100 घरों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह बंद हो गयी. बिजली नहीं रहने से करीब 100 परिवार प्रभावित हैं. ग्रामीणों ने बताया कि बिजली के अभाव में घरेलू कामकाज, पानी की व्यवस्था और बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है. शाम के समय बिजली नहीं रहने से बच्चों को पढ़ाई करने में काफी परेशानी हो रही है. लंबे समय से ट्रांसफॉर्मर की खराब स्थिति की जानकारी होने के बावजूद विभाग द्वारा समय पर कार्रवाई नहीं किये जाने से ग्रामीणों में नाराजगी है. नाराज स्थानीय ग्रामीण मुकेश ठाकुर, रितेश कुमार, रजनीश गुप्ता, सुनील ठाकुर, महेंद्र साव, राजेश्वर सिंह, अजीत ठाकुर और शोशील गुप्ता ने आक्रोश जताया है. ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के उच्चाधिकारियों से मामले में तत्काल पहल करते हुए नया ट्रांसफॉर्मर स्थापित कराने और जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है. इस संबंध में बिजली विभाग के कनीय अभियंता कमल कुमार ने बताया कि ट्रांसफॉर्मर की स्थिति की जांच बिजली मिस्त्री से करायी जायेगी. जांच के बाद यदि ट्रांसफॉर्मर मरम्मत योग्य पाया गया तो उसे दुरुस्त कराया जायेगा. वहीं, ट्रांसफॉर्मर के मरम्मत योग्य नहीं होने की स्थिति में नया ट्रांसफॉर्मर लगाया जायेगा. उन्होंने कहा कि जल्द ही आवश्यक कार्रवाई कर बिजली आपूर्ति बहाल कराने का प्रयास किया जायेगा.
