तीसरी पत्नी का हंगामा, खुद को अपनाने की गुहार, पति बोला- आजकल दो-तीन शादी आम बात

गढ़वा में एक युवती ने अपने पति पर तीसरी पत्नी होने का आरोप लगाकर हंगामा किया. पति ने कहा कि आजकल दो-तीन शादियां करना एक आम बात है. जानें पूरा मामला.

गौरव पांडेय श्री बंशीधर नगर (गढ़वा): गढ़वा जिले के धुरकी थाना क्षेत्र के मकरी गांव में बुधवार को उस समय भारी हंगामा मच गया, जब एक युवती इंसाफ की गुहार लेकर अपनी नानी व परिजनों के साथ कथित पति के घर पहुंच गयी. युवती ने आरोप लगाया कि हिंदू रीति-रिवाज से शादी करने के बावजूद उसे पत्नी का अधिकार नहीं दिया जा रहा है. वहीं, आरोपी युवक ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए खारिज कर दिया है.

शादी के बाद ससुराल में केवन दो दिन रही पीड़िता

पीड़िता टंडवा गांव (गढ़वा थाना क्षेत्र) निवासी स्वर्गीय पावन कुशवाहा की 22 वर्षीय पुत्री सबिता कुमारी है. सबिता ने बताया कि अप्रैल 2025 में धुरकी के मकरी गांव निवासी अर्जुन कुशवाहा के साथ श्री बंशीधर मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से उसका विवाह हुआ था, जिसमें दोनों पक्षों के परिजन शामिल हुए थे. पीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद उसे ससुराल में केवल दो दिन रखा गया. इसके बाद अर्जुन उसे छत्तीसगढ़ ले गया. वहां एक सप्ताह रखने के बाद मायके छोड़ने के बहाने पलामू जिले के रेहला में लावारिस छोड़कर फरार हो गया. किसी तरह वह अपनी नानी के घर पहुंची और आपबीती सुनायी.

पहले भी पति की हो चुकी थी दो शादियां

पीड़िता का कहना है कि बाद में उसकी सास उससे मिलने आती-जाती रही और अर्जुन की दूसरी शादी से जुड़ा अदालती मामला खत्म होने के बाद उसे घर ले जाने का भरोसा देती रही. इसी दौरान उसे पता चला कि अर्जुन की पहले भी दो शादियां हो चुकी हैं. यह जानकर वह टूट गयी. इसी बीच सड़क दुर्घटना में उसके पिता की भी मौत हो गयी. सबिता का आरोप है कि पिता की मौत के बाद उसकी सास और देवर अमित कुमार ने सगमा बुलाकर उसकी नानी से कहा कि अपनी नातिन की कहीं और शादी कर दें, क्योंकि अर्जुन अब उसे नहीं रखेगा.

धुरकी थाने में दर्ज हुई शिकायत

आखिरकार सबिता अपने रिश्तेदारों के साथ मकरी गांव पहुंची, जहां उसने अर्जुन को उसकी कथित दूसरी पत्नी के साथ घर में देखा. इसके बाद उसने ग्रामीणों के सामने न्याय की गुहार लगायी. ग्रामीणों ने भी इसे गंभीर मामला बताते हुए युवती के साथ अन्याय होने की बात कही. थक-हारकर सबिता ने धुरकी थाना पहुंचकर आरोपी पति के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज करायी है और न्याय की मांग की है.

पति ने सभी आरोपों से किया इनकार

इधर, इस संबंध में आरोपी अर्जुन कुशवाहा ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को बेबुनियाद व गलत बताया है. अर्जुन का कहना है कि उसे किसी प्रकार का डर नहीं है. उसने विवादित बयान देते हुए कहा कि आजकल दो-तीन शादी करना आम बात हो गयी है, पीड़िता को जहां जाना है, जा सकती है. फिलहाल धुरकी थाना पुलिस लिखित शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >