गढ़वा. नगर परिषद क्षेत्र के मंझिआंव मोड़ स्थित अटल चौक पर पिछले कई महीनों से तिरंगा झंडा नहीं लहरा रहा था. रविवार को नगर परिषद अध्यक्ष दौलत सोनी की मौजूदगी में पूरे सम्मान के साथ वहां पुनः राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया. नगर परिषद अध्यक्ष दौलत सोनी ने बताया कि चौक पर तिरंगा नहीं होने की समस्या को गंभीरता से लिया गया था. नगर परिषद बोर्ड की दूसरी बैठक में नया तिरंगा लगाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया था. प्रस्ताव पारित होने के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए रविवार को तिरंगा स्थापित कर दिया गया. उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल एक झंडा नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक है. इसे शान से लहराते देखना हर नागरिक के लिए गर्व और सम्मान की बात है. मौके पर वार्ड पार्षद विनोद प्रसाद, वार्ड पार्षद सुनील कुमार समेत कई स्थानीय लोग और गणमान्य नागरिक मौजूद थे. तिरंगा पुनः लहराता देख स्थानीय व्यवसायियों और राहगीरों ने भी खुशी जतायी.
अटल चौक पर फिर लहराया तिरंगा, लोगों में खुशी
अटल चौक पर फिर लहराया तिरंगा, लोगों में खुशी
