प्रशासन की सख्ती के बाद कुछ दिनों तक लगा था अवैध कारोबार पर रोक अविनाश, गढ़वा गढ़वा जिले में बालू के अवैध खेल और बेलगाम ””खूनी ट्रैक्टरों”” का तांडव फिर से शुरू हो गया है. पुलिस की कथित दबिश के बाद कुछ दिनों के लिए बेलगाम ट्रैक्टरों पर ब्रेक लगा था, लेकिन अब ट्रैक्टर फिर से बेकाबू होकर सड़कों पर मौत बांटने लगे हैं. रविवार को हुई घटना ने जिले के लोगों को दहशत में डाल दिया, जहां एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने रिश्ते में मामा-भांजे की जान ले ली. गढ़वा थाना क्षेत्र के हूर गांव स्थित टोल प्लाजा के पास एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने बाइक सवार उदय पाल और अंकज पाल को रौंद दिया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गयी. मृतक के परिजनों ने पुलिस प्रशासन और टोल टैक्स कर्मियों पर गंभीर आरोप लगाये हैं. उनका कहना है कि टोल कर्मियों और पुलिस की मिलीभगत से इलाके में बड़े पैमाने पर बालू का अवैध परिवहन हो रहा है. पकड़े जाने के डर से ट्रैक्टर चालक बिना साइड देखे, लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाते हैं, जो लगातार सड़क दुर्घटनाओं का कारण बन रहा है. पुलिस की दबिश के बाद अवैध खेल फिर कैसे शुरू हुआ? लोगों का कहना है कि महुलिया की हिंसक घटना और पुलिस की सख्त कार्रवाई के बाद ट्रैक्टरों के अवैध परिचालन पर कुछ दिनों के लिए रोक लगी थी, लेकिन हूर टोल प्लाजा की घटना ने साबित कर दिया कि वह शांति महज कुछ दिनों का दिखावा थी. बालू माफिया और खूनी ट्रैक्टर फिर सड़कों पर यमदूत बनकर दौड़ रहे हैं. …………. फ्लैशबैक : दो महीनों में गढ़वा को हिला चुकी घटनाएं 17 मई (हूर गांव) : बालू लदे तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से मामा-भांजे की हुई मौत 15-16 अप्रैल (महुलिया): बालू लदे ट्रैक्टर की चपेट में आने से दो युवकों की मौत हुई. अगले दिन उग्र ग्रामीणों ने पांच घंटे सड़क जाम रखा. स्थिति नियंत्रण में करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज और हवाई फायरिंग करनी पड़ी. तत्कालीन एसपी के निर्देश पर एक दर्जन से अधिक उपद्रवियों को गिरफ्तार किया गया. 20-21 मार्च (बरसोती गांव, धुरकी प्रखंड) : बालू लदे ट्रैक्टर की चपेट में आने से आदिम जनजाति के युवक विजय लोहरा की मौत हो गयी थी, जबकि कृष्णा कोरवा गंभीर रूप से घायल हो गया था. इस मुद्दे ने जिले की सियासत को भी गर्मा दिया. ………….. अवैध कारोबार पर हर हाल में लगेगा रोक : एसपी गढ़वा एसपी आशुतोष शेखर ने कहा कि अवैध कारोबार पर हर हाल में अंकुश लगेगा. जिला खनन पदाधिकारी को निर्देशित किया गया है कि किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल रोक लगायी जाये. पुलिस का पूरा सहयोग इस अभियान में दिया जायेगा. एसपी ने स्पष्ट किया कि वे पूरे मामले की मॉनिटरिंग करेंगे. सड़क सुरक्षा और अवैध खनन के सभी कानूनी पहलुओं पर गौर करते हुए पुलिस सक्रियता से काम करेगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जायेगा. घटना के वीडियो फुटेज मंगाकर उसकी वास्तविक वजह का पता लगाया जायेगा.
गढ़वा में फिर लौटा ''''खूनी ट्रैक्टर'''' का खौफ
गढ़वा में फिर लौटा 'खूनी ट्रैक्टर' का खौफ
