श्री बंशीधर नगर. राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने सोमवार को श्री बंशीधर नगर पहुंचकर प्रसिद्ध श्री बंशीधर मंदिर में पूजा-अर्चना की. उन्होंने भगवान श्री बंशीधर से समस्त झारखंडवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की.
पूजा-अर्चना के बाद राज्यपाल ने कहा कि श्री बंशीधर मंदिर श्रद्धा, आस्था और आध्यात्मिक चेतना का महत्वपूर्ण केंद्र है. इस पावन स्थल का समुचित विकास आवश्यक है. मंदिर के विकास से क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान और मजबूत होगी. साथ ही धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा.उन्होंने मंदिर की धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्ता की जानकारी भी ली.
मंदिर में पंडित रामसकल मिश्र के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच राज्यपाल ने विधिवत पूजा-अर्चना की और भगवान श्री बंशीधर जी की आरती उतारी. पूजा के दौरान भगवान श्री बंशीधर जी की मनमोहक प्रतिमा के दर्शन कर राज्यपाल काफी अभिभूत नजर आए. पूजा-अर्चना के बाद विधायक अनंत प्रताप देव एवं श्री बंशीधर सूर्य मंदिर के प्रधान ट्रस्टी राजेश प्रताप देव ने राज्यपाल को चुनरी भेंट कर मंदिर में स्वागत किया.
