हरिहरपुर, गढ़वा : हरिहरपुर संकुल संसाधन केंद्र के अंतर्गत सभी विद्यालयों में रविवार को डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर शिक्षक दिवस धूमधाम से मनाया गया. मध्य विद्यालय हरिहरपुर और राजकीयकृत शंकर प्रताप देव उच्च विद्यालय हरिहरपुर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किये गये. कार्यक्रम में शिक्षक, छात्र-छात्राओं के साथ अभिभावक भी शामिल हुए.
इस दौरान विद्यार्थियों ने शिक्षकों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत किये. बच्चों को गुरु-शिष्य संबंध की महत्ता बताते हुए गुरु की भूमिका और उनके मार्गदर्शन के महत्व पर प्रकाश डाला गया.
मेहनत और अनुशासन से सफलता का संदेश
राजकीयकृत शंकर प्रताप देव उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक आदित्य गुप्ता ने डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जीवनी और व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि मेहनत सफलता की कुंजी है. विद्यार्थियों को अनुशासन, मेहनत और लगन के साथ जीवन में आगे बढ़ने की अपील की.
इधर, मध्य विद्यालय हरिहरपुर के प्रधानाध्यापक किशोर कुमार ने शिक्षक दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को जीवन में सही दिशा देने का कार्य करते हैं. गुरु के मार्गदर्शन और शिष्य की मेहनत से ही सफलता का मार्ग प्रशस्त होता है.
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में गुरु-शिष्य के बीच आत्मीयता और सम्मान का माहौल रहा. विद्यार्थियों ने शिक्षकों का आशीर्वाद लिया और उन्हें शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं.
