विभिन्न विद्यालयों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम, विद्यार्थियों ने शिक्षकों को उपहार देकर जताया सम्मान
डंडई, गढ़वा : शिक्षक दिवस के अवसर पर डंडई प्रखंड क्षेत्र के सरकारी एवं गैर सरकारी विद्यालयों में शनिवार को विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये गये. पाराडाइज पब्लिक स्कूल, होली फेथ पब्लिक स्कूल, आदर्श पब्लिक स्कूल लवाही, एमआरडी पब्लिक स्कूल लवाही समेत अन्य विद्यालयों में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उत्साह के साथ शिक्षक दिवस मनाया.
कार्यक्रम की शुरुआत महान शिक्षाविद् एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर की गयी. इसके बाद विद्यार्थियों और शिक्षकों ने केक काटकर खुशियां साझा कीं. विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों को उपहार भेंट कर सम्मानित किया. कई विद्यालयों में भाषण, कविता और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किये गये.
शिक्षक ज्ञान के साथ संस्कार भी देते हैं
शिक्षक आरके विश्वकर्मा ने कहा कि शिक्षक वह दीपक है, जो स्वयं जलकर विद्यार्थियों के जीवन में ज्ञान का प्रकाश फैलाता है. शिक्षक दिवस उनके योगदान और सम्मान को याद करने का अवसर है. उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ अनुशासन, मेहनत, अच्छे संस्कार और मानवीय मूल्यों को जीवन में अपनाने की अपील की, ताकि वे समाज और राष्ट्र के जिम्मेदार नागरिक बन सकें.
आदर्श पब्लिक स्कूल लवाही के निदेशक ओम पाण्डेय ने कहा कि विद्यालय केवल पढ़ाई की जगह नहीं, बल्कि बच्चों के सपनों को आकार देने की कार्यशाला है. शिक्षक विद्यार्थियों की प्रतिभा पहचान कर उन्हें सही दिशा देने का काम करते हैं. उन्होंने कहा कि किताबी ज्ञान के साथ बच्चों में संस्कार, अनुशासन, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी जरूरी है. इसके लिए शिक्षक और अभिभावक दोनों को मिलकर काम करना चाहिए.
मौके पर प्राचार्य विवेक गुप्ता, देवकी प्रजापति, बिंदु कुमार रवि समेत अन्य शिक्षक मौजूद थे. कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला. विद्यार्थियों ने शिक्षकों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनके बताये मार्ग पर चलने का संकल्प लिया.
