गढ़वा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 2021 लूटकांड का नामजद आरोपी बिहार के रोहतास से गिरफ्तार

गढ़वा के केतार थाना क्षेत्र में 2021 के चर्चित लूटकांड का फरार आरोपी अतुल राय रोहतास से गिरफ्तार। पुलिस ने प्रेस वार्ता कर दी जानकारी।

गढ़वा: केतार थाना पुलिस ने वर्ष 2021 के चर्चित लूटकांड में फरार चल रहे एक आरोपी को बिहार के रोहतास जिले से गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिहार के बक्सर जिले के राजापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नौरंग राय के डेरा निवासी 23 वर्षीय अतुल राय उर्फ अतुल प्रकाश राय के रूप में हुई है.

इसकी जानकारी प्रेस वार्ता कर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सत्येंद्र नारायण सिंह, श्री बंशीधर नगर पुलिस इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार आजाद,भवनाथपुर पुलिस इंस्पेक्टर गुलाब सिंह,केतार थाना प्रभारी अरुण कुमार रवानी ने दी. बताया गया कि पुलिस अधीक्षक को 30 जुलाई 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि केतार थाना कांड संख्या 11/2021, दिनांक 12 फरवरी 2021, भारतीय दंड संहिता की धारा 392 के नामजद आरोपी अतुल राय रोहतास जिले के डेहरी स्थित तार बंगला मोड़ के पास किराये के मकान में रह रहा है.

सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बंशीधर नगर के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर केतार थाना लाया. पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए पुलिस को मामले से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी.

पुलिस के अनुसार, 12 फरवरी 2021 की दोपहर केतार थाना क्षेत्र के खैरवा गांव के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर एक फाइनेंस कर्मी से मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन लूट लिया था. पीड़ित के बयान पर केतार थाना में कांड दर्ज किया गया था. अनुसंधान के दौरान तकनीकी साक्ष्यों एवं अन्य तथ्यों के आधार पर आरोपी की संलिप्तता सामने आई थी. पुलिस ने बताया कि इस मामले में पूर्व में कुंदन कुमार गुप्ता, दीपक पासवान तथा अमरजीत चौधरी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है. गिरफ्तार अतुल राय लंबे समय से फरार चल रहा था. पुलिस के अनुसार, वह आसपास के जिलों में हुई कई अन्य आपराधिक घटनाओं में भी संलिप्त रहा है. छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बंशीधर नगर, पुलिस निरीक्षक भवनाथपुर अंचल, केतार थाना प्रभारी अरुण कुमार रवानी, अनुसंधानकर्ता चंदन कुमार साह तथा केतार थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >