मझिआंव (गढ़वा): नगर पंचायत मझिआंव के वार्ड नंबर 5 में जर्जर सड़क और नाली की समस्या से स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. वीआइपी गली और भंडारी टोला में सड़क की खराब स्थिति के साथ जल निकासी की समस्या भी बनी हुई है. इसे लेकर युवा समाजसेवी भारत नंदन सोनी ने शुक्रवार को नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी को आवेदन देकर दोनों स्थानों पर पीसीसी सड़क और नाली का निर्माण कराने की मांग की है.
जेसीबी से सड़क तोड़ने के बाद नहीं हुआ निर्माण
आवेदन में कहा गया है कि वार्ड की वीआइपी गली की सड़क लंबे समय से जर्जर है. कुछ दिन पहले जेसीबी से सड़क को तोड़ दिया गया था, लेकिन इसके बाद निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से लोगों की परेशानी और बढ़ गयी है. सड़क की खराब स्थिति के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है. वहीं, गली की नाली भी जर्जर हो चुकी है. नाली की स्थिति खराब होने के कारण जल निकासी की समस्या बनी रहती है और आसपास के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है.
ये भी पढ़ें- बानो में 26 सितंबर से सजेगा फुटबॉल का महासंग्राम, विजेता को मिलेगी बड़ी खस्सी
भंडारी टोला में भी जल निकासी की समस्या
भंडारी टोला में बनी खुली नाली से भी पानी की समुचित निकासी नहीं हो पा रही है. जल निकासी की समस्या के कारण सड़क लगातार खराब हो रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क और नाली की समस्या का स्थायी समाधान किया जाना जरूरी है, ताकि बारिश और जलजमाव की स्थिति में लोगों को परेशानी नहीं हो.
नयी नाली के साथ पीसीसी सड़क बनाने की मांग
भारत नंदन सोनी ने नगर पंचायत प्रशासन से वीआइपी गली और भंडारी टोला की स्थिति का निरीक्षण कराने की मांग की है. उन्होंने दोनों स्थानों पर नयी नाली के साथ पीसीसी सड़क का निर्माण कराने की मांग की, ताकि वार्डवासियों को आवागमन और जल निकासी की समस्या से राहत मिल सके.
ये भी पढ़ें- एनएच-39 पर दो जगह अंडरपास का रास्ता खुला, सांसद की पहल के बाद मंजूरी की प्रक्रिया तेज
