प्रतिनिधि, गढ़वा उपायुक्त अनन्य मित्तल के निर्देश पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने शनिवार को सरस्वती और तिलैया नदी के पुनरुद्धार को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की. बैठक में जल संसाधन विभाग, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, नगर परिषद तथा गढ़वा अंचल के अधिकारी मौजूद थे. बैठक में विलुप्तप्राय सरस्वती व तिलैया नदी के संरक्षण, पुनर्जीवन और अतिक्रमण हटाने को लेकर समन्वित कार्ययोजना तैयार की गयी. एसडीएम ने पूर्व में किये गये प्रयासों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिये. बैठक में सरस्वती नदी में जमा कचरा, गाद और अवरोध हटाने के साथ दोनों किनारों पर हुए अस्थायी व स्थायी अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की रणनीति बनायी गयी. नगर परिषद को नदी क्षेत्र में मिट्टी, पत्थर और निर्माण सामग्री डालकर कब्जे की कोशिश करने वालों को चिह्नित कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया. नदी के गहरीकरण व गाद हटाने की कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश एसडीएम ने जल संसाधन विभाग को नदी के गहरीकरण और गाद हटाने की ठोस कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया. साथ ही अंचल अधिकारी को पूर्व में नोटिस प्राप्त अतिक्रमणकारियों को अंतिम नोटिस जारी करने का निर्देश दिया गया. सामाजिक संस्थाओं का भी लिया जायेगा सहयोग एसडीएम ने कहा कि नदी पुनरुद्धार अभियान में सामाजिक संस्थाओं और निजी एजेंसियों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जायेगी. बैठक के बाद उन्होंने नदी सफाई की मांग कर रहे युवाओं के प्रतिनिधियों से मुलाकात की तथा शहरी क्षेत्र स्थित सरस्वतिया नदी का स्थल निरीक्षण भी किया.
सरस्वती नदी के किनारों से हटायें अतिक्रमणः एसडीएम
सरस्वती नदी के किनारों से हटायें अतिक्रमणः एसडीएम
