मंडल डैम के विस्थापितों को शीघ्र बसायें, मुआवजे का भुगतान सुनिश्चित करें: उपायुक्त

मंडल जैम व कांडी टिस्ट्रीव्यूटरी परियोजना के कार्यों की समीक्षा की

मंडल जैम व कांडी टिस्ट्रीव्यूटरी परियोजना के कार्यों की समीक्षा की प्रतिनिधि, गढ़वा शहीद नीलांबर-पीतांबर उत्तरी कोयल परियोजना (मंडल डैम) एवं कांडी डिस्ट्रीब्यूटरी परियोजना के अवशेष कार्यों को लेकर सोमवार को समाहरणालय सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त दिनेश यादव ने की. इस दौरान उपायुक्त ने मंडल डैम से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास एवं मुआवजा भुगतान में तेजी लाने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने कहा कि आगामी समीक्षा बैठक तक मंडल डैम से प्रभावित सभी परिवारों को शत-प्रतिशत मुआवजा भुगतान सुनिश्चित किया जाये. किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. उपायुक्त ने बताया कि मंडल डैम के डूब क्षेत्र में गढ़वा जिले के छह गांव भजना, कूटकू, सनेया, चेमो, खुरा एवं खैरा व लातेहार जिले का मेराल गांव शामिल है. इन विस्थापित परिवारों के पुनर्वास के लिए रंका प्रखंड के मौजा विश्रामपुर एवं रमकंडा प्रखंड के मौजा बलीगढ़ में भूमि चिह्नित की गयी है. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पुनर्वास स्थलों पर केवल विस्थापित परिवारों के लिए ही नहीं, बल्कि वहां पूर्व से निवास कर रहे ग्रामीणों के लिए भी सड़क, बिजली, सिंचाई, स्वास्थ्य एवं शिक्षा जैसी सभी मूलभूत सुविधाएं विकसित की जायें. बैठक में कांडी प्रखंड अंतर्गत चल रही डिस्ट्रीब्यूटरी (नहर) परियोजना की भी समीक्षा की गयी. उपायुक्त ने रैयतों को दिये जाने वाले मुआवजे व नहर निर्माण की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली. उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि विकास कार्यों के कारण किसी भी व्यक्ति को कठिनाई न हो और विस्थापितों को बेहतर जीवन स्तर उपलब्ध कराया जा सके. बैठक में उप विकास आयुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा, अपर समाहर्ता राज महेश्वरम, रंका एसडीओ रुद्र प्रताप, जिला कल्याण पदाधिकारी धीरज प्रकाश, सिविल सर्जन डॉ. जेएफ कैनेडी समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Akarsh Aniket

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >