प्रभाष मिश्रा की रिपोर्ट
गढ़वा. गणेश चतुर्थी, करमा पूजा और विश्वकर्मा पूजा को लेकर गढ़वा पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी तेज कर दी है. त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी. भीड़भाड़ वाले इलाकों, पूजा स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की सक्रियता बढ़ायी जायेगी.
लगातार निगरानी रखने का निर्देश
थाना और ओपी स्तर पर विशेष सतर्कता बरतने के साथ लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है. जुलूस, पूजा आयोजन और बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र की संवेदनशीलता का आकलन कर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है. असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखने और किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है.
अफवाह फैलाने वालों पर भी रहेगी नजर
पुलिस की निगरानी केवल पूजा स्थलों और सड़कों तक सीमित नहीं रहेगी. विवाद को बढ़ावा देने वाली गतिविधियों और अफवाह फैलाने वालों पर भी नजर रखी जायेगी. पुलिस अधिकारियों को छोटी से छोटी सूचना को गंभीरता से लेने और समय रहते हस्तक्षेप करने को कहा गया है, ताकि त्योहारों के दौरान किसी तरह का तनाव पैदा न हो.
नशे में वाहन चलाने वालों पर होगी कार्रवाई
त्योहारों के दौरान सड़क सुरक्षा को लेकर भी विशेष अभियान चलाया जायेगा. प्रमुख मार्गों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में दोपहिया और चारपहिया वाहनों की जांच की जायेगी. नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई के साथ यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी सख्ती बरती जायेगी. ब्लैक स्पॉट पर दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए भी आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया गया है.
ये भी पढ़ें: गढ़वा: करके मिडिल स्कूल में MDM चावल चोरी का आरोप, ग्रामीणों ने युवक को पकड़ा, डीएसई बोले- होगी जांच
चोरी और अपराध रोकने के लिए बढ़ेगी निगरानी
त्योहारों के दौरान बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर बढ़ने वाली भीड़ का फायदा उठाकर चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने वालों पर भी पुलिस की नजर रहेगी. थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में लगातार गश्त कराने और संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी बढ़ाने को कहा गया है. आम लोगों की सुरक्षा के साथ उनकी शिकायतों के त्वरित समाधान को भी प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया है.
शांतिपूर्ण माहौल में मनायें त्योहार
पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने कहा कि त्योहारों को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है. संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के साथ लगातार गश्त की जायेगी. असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने और किसी भी अप्रिय स्थिति से तत्काल निपटने के लिए सभी थाना और ओपी प्रभारियों को आवश्यक निर्देश दिये गये हैं. उन्होंने आम लोगों से शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने की अपील की. उन्होंने कहा कि लोगों की सुरक्षा के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रहेगी.
