पेंशनर कल्याण समाज के समारोह में डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन को किया गया याद, शिक्षकों के योगदान की सराहना
गढ़वा : शिक्षक दिवस के अवसर पर झारखंड पेंशनर कल्याण समाज, गढ़वा के कार्यालय में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत भारत रत्न डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की गयी. इस दौरान उनके दार्शनिक जीवन, राष्ट्रपति के रूप में उनके कार्यकाल और देश के लिए उनके योगदान को याद किया गया.
समारोह में समाज के सचिव अशर्फी राम ने कहा कि डॉ राधाकृष्णन को सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि हम सभी उनके पदचिह्नों पर चलें. कोषाध्यक्ष संतोष कुमार यादव ने राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों के महत्वपूर्ण योगदान पर प्रकाश डाला. उपाध्यक्ष गोपाल राम समेत अन्य वक्ताओं ने भी डॉ राधाकृष्णन के जीवन और कार्यों को याद करते हुए समाज के निर्माण में शिक्षकों की भूमिका की सराहना की.
छह शिक्षकों को किया गया सम्मानित
शिक्षक दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट सेवा और पेंशनर कल्याण समाज में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए छह शिक्षकों को सम्मानित किया गया. सुरेंद्र चौबे, गोपाल राम, अशर्फी राम, शिवकुमारी देवी, पुरनदेव पाल और हरिनाथ यादव को माला पहनाकर एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया.
मौके पर सरवन राम, गणेश प्रसाद यादव, अमरनाथ गुप्ता, जोखू प्रसाद, हरि राम, विनोद रंजन, सुबास उरांव, सुदामा राम, तुलसी सिंह, राम नरेश राम, इंद्रभूषण मिश्रा समेत अन्य लोग उपस्थित थे.
