मझिआंव, गढ़वा: बरडीहा थाना क्षेत्र के बरडीहा पश्चिम टोला गांव में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने उसके पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. मृतका की पहचान 19 वर्षीय सत्यवती देवी के रूप में हुई है. वह पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के जपला चौबे टोला निवासी अशोक राम की पुत्री थी.
मई में हुई थी शादी
सत्यवती देवी की शादी मई 2026 में बरडीहा निवासी नकुल राम के पुत्र 29 वर्षीय रंजीत कुमार राम से हुई थी. थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह ने बताया कि गुरुवार को महिला ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी.
अंतिम संस्कार में गया था पति
पुलिस के अनुसार घटना के समय मृतका का पति और ससुर गांव में ही एक महिला के अंतिम संस्कार में गये थे, जबकि सास खेत में काम करने गयी थी. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की.
पिता ने लगाया दहेज हत्या का आरोप
मृतका के पिता अशोक राम ने 21 अगस्त को बरडीहा थाना में आवेदन देकर दहेज के लिए हत्या किये जाने का आरोप लगाया. इसके बाद बरडीहा थाना कांड संख्या 57/26 के तहत मृतका के पति रंजीत कुमार राम, ससुर नकुल राम, सास और देवर समेत चार लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 80 और 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी.
पति गिरफ्तार, जांच जारी
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति रंजीत कुमार राम को गिरफ्तार कर गढ़वा जेल भेज दिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
