गढ़वा. बरडीहा थाना क्षेत्र के बभनी गांव में पेड़ से लटकते मिले युवक के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस के अनुसार युवक की हत्या करने के बाद घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को पेड़ से लटका दिया गया था. मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
मंगलवार को पेड़ से लटका मिला था युवक का शव
पुलिस को बभनी गांव में एक युवक का शव पेड़ से लटके होने की सूचना मिली थी. सूचना पर पुलिस घटनास्थल पहुंची. मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने हत्या कर शव लटकाए जाने की आशंका जतायी. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेजा गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गयी.
पुलिस ने किया 3 को गिरफ्तार
टीम ने जांच और छापेमारी के दौरान बभनी निवासी सुनील रजवार, उसके पिता रामप्यारी रजवार और मां मनमतिया देवी को गिरफ्तार किया. पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. छापेमारी दल में एसडीपीओ दिल्लु लोहरा, मझिआंव अंचल पुलिस निरीक्षक बृज कुमार, बरडीहा थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक अनिल कुमार, सहायक अवर निरीक्षक आनन्द मिंज और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
ये भी पढ़ें: पेड़ से लटका मिला 21 वर्षीय युवक का शव, स्पष्ट नहीं मामला हत्या या आत्महत्या
शादी के बात को लेकर शुरू हुआ था विवाद
पुलिस के अनुसार मृतक टप्पु रजवार का सुनील रजवार की भतीजी के साथ करीब दो वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था. 18 अगस्त की रात टप्पु नशे की हालत में आरोपियों के घर के पास पहुंचा और शादी करने की बात कहने लगा. इसी दौरान विवाद हुआ.
हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया
आरोपियों ने उसे घर के पीछे ले जाकर उसकी हत्या कर दी. इसके बाद शव को पेड़ से लटका दिया गया. सुनील रजवार की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त रस्सी, मृतक का मोबाइल और शव को पेड़ से लटकाने में इस्तेमाल किया गया गमछा बरामद किया है. पुलिस के अनुसार सुनील के खिलाफ बरडीहा थाना में पहले से भी एक मामला दर्ज है.
