केतार,गढ़वा: केतार थाना क्षेत्र के पाचाडुमर गांव स्थित मां शायरी भगवती मंदिर में सोमवारी को जलाभिषेक से पूर्व सहेलियों के साथ समीप के सोन नदी में स्नान करने गईं दो बच्चियां गहरे पानी में डूब गई थीं. हादसे के करीब 24 घंटे बाद मंगलवार को स्थानीय नाविकों ने श्रीनगर पुल के समीप से जुली कुमारी का शव बरामद कर लिया. वहीं, 48 घंटे बीत जाने के बाद भी 14 वर्षीय खुशबू कुमारी, पिता गिरिवर ठाकुर, का कोई सुराग नहीं मिल सका है. इससे परिजनों सहित ग्रामीणों में गहरा शोक व्याप्त है.
ग्रामीण लगातार कर रहे खुशबू की तलाश
खुशबू की तलाश में पाचाडुमर, सोनबरसा, बीजडीह, चांदडीह, खैरवा, कधवन से लेकर श्रीनगर तक के ग्रामीण लगातार सोन नदी के तट पर डटे हुए हैं. सोमवार को हादसे की खबर मिलने के बाद से ही ग्रामीण अपने स्तर पर नदी में बच्ची की तलाश कर रहे हैं, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिली है. ग्रामीणों की निगाहें लगातार सोन नदी की ओर टिकी हुई हैं.
एनडीआरएफ टीम नहीं पहुंचने से आक्रोश
इधर, प्रशासन की ओर से अब तक एनडीआरएफ की टीम नहीं पहुंचने से ग्रामीणों में आक्रोश है. ग्रामीणों का कहना है कि समय बीतने के साथ बच्ची के मिलने की उम्मीद भी कम होती जा रही है. ऐसे में प्रशासन को तत्काल विशेषज्ञ बचाव दल उपलब्ध कराना चाहिए.
प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रशांत कुमार एवं थाना प्रभारी अरुण कुमार रवानी भी अपने-अपने स्तर से बच्ची की तलाश में जुटे हुए हैं. स्थानीय प्रशासन और ग्रामीणों की लगातार कोशिशों के बावजूद अब तक खुशबू का पता नहीं चल पाया है. घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है और खुशबू के परिजन बेसब्री से उसके मिलने की आस लगाए बैठे हैं.
