चिनिया देवी धाम परिसर में मां भवानी क्लब ने कराया आयोजन, विजेता टीमों को कप और नकद पुरस्कार देकर किया सम्मानित
चिनिया, गढ़वा : श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर शनिवार को चिनिया प्रखंड मुख्यालय स्थित चिनिया देवी धाम परिसर में मां भवानी क्लब के तत्वावधान में मटका फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. प्रतियोगिता में छह टीमों ने हिस्सा लिया. मटका फोड़ने के लिए युवाओं ने पूरे उत्साह और जोश के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया.
प्रतियोगिता देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु, खेलप्रेमी और स्थानीय ग्रामीण पहुंचे थे. प्रतिभागी टीमों के प्रदर्शन पर दर्शकों ने तालियां बजाकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया. पूरे परिसर में जन्माष्टमी के उल्लास के बीच प्रतियोगिता को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला.
विजेता टीमों को कप और नकद पुरस्कार
प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाली प्रथम और द्वितीय स्थान की टीमों को आयोजकों की ओर से बड़ा और छोटा कप प्रदान किया गया. साथ ही दोनों टीमों को 500-500 रुपये की नकद राशि देकर सम्मानित किया गया. पुरस्कार वितरण चिनिया थाना के एएसआइ ओमप्रकाश और विशिष्ट अतिथि यासिन मलिक ने किया.
खेल से युवाओं को सकारात्मक दिशा : अतिथि
मौके पर अतिथियों ने कहा कि जन्माष्टमी जैसे धार्मिक आयोजनों के साथ खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ता है. इससे युवाओं में खेल भावना के साथ आपसी एकता और सामाजिक सौहार्द की भावना भी मजबूत होती है.
कार्यक्रम के सफल आयोजन में मां भवानी क्लब के अध्यक्ष हरिओम यादव समेत क्लब के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही. प्रतियोगिता के दौरान चिनिया देवी धाम परिसर में उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा.
