गढ़वा: रंका थाना क्षेत्र के चुतरू गांव में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को पीटकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया. जानकारी के अनुसार, गुरुवार अपराह्न करीब दो बजे आरोपी झरी मांझी नशे में घर पहुंचा और किसी बात को लेकर उसकी पत्नी अनिता देवी से कहासुनी हो गयी. इसके बाद आरोपी ने अपनी पत्नी को पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया.
घटना के बाद आनन-फानन में पीड़िता को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, रंका में भर्ती कराया गया, जहां उसकी स्थिति अत्यंत गंभीर बनी हुई है. मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की. थाना प्रभारी रवि कुमार केसरी ने बताया कि महिला का इलाज पहली प्राथमिकता है. पीड़िता का बयान व आवेदन प्राप्त कर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जायेगी. वहीं, पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है.
