प्रतिनिधि, केतार
केतार प्रखंड स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की अनियमित उपस्थिति के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्थापित इस केंद्र में पर्याप्त संख्या में चिकित्सक, जीएनएम, लैब टेक्नीशियन, एमपीडब्ल्यू एवं एएनएम की पदस्थापना के बावजूद व्यवस्था में सुधार नहीं दिख रहा है. ग्रामीणों का आरोप है कि अस्पताल निर्धारित समय सुबह 9 बजे तक नहीं खुलता, जिसके कारण मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ता है. बीते शनिवार को भी सुबह 10 बजे तक अस्पताल बंद रहा, जिससे इलाज के लिए पहुंचे मरीज परेशान रहे. बाद में चिकित्सक विवेक कुमार के पहुंचने पर मरीजों का इलाज शुरू किया गया और दवाएं उपलब्ध करायी गयीं. उल्लेखनीय है कि 7 मई को बीडीओ प्रशांत कुमार द्वारा अस्पताल एवं उप स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया गया था, जिसमें कई कर्मी अनुपस्थित पाये गये थे. इसके बाद स्पष्टीकरण भी पूछा गया, लेकिन इसके बावजूद स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हो सका है. ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ समय पर नहीं मिलने से गरीब मरीजों को मजबूरी में निजी या ग्रामीण चिकित्सकों के पास जाना पड़ रहा है. अनियमित व्यवस्था को लेकर लोगों में नाराजगी है.
