गढ़वा. शहर से सटे प्रसिद्ध जुड़वनिया शिव मंदिर परिसर में चोरी की घटना सामने आने के बाद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में नाराजगी है. बताया जाता है कि मंदिर परिसर में इससे पहले भी सामान चोरी होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं. ताजा घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है.
जानकारी के अनुसार, बीती देर रात करीब दो बजे एक व्यक्ति तीन पहिया ठेला लेकर मंदिर परिसर के पास पहुंचा. इसके बाद वह मंदिर का सामान ठेले पर लादकर वहां से ले जाने लगा. सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध व्यक्ति सामान ले जाते हुए दिखाई दे रहा है.
पुलिस ने एक संदिग्ध को पकड़ा
घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर गढ़वा थाना ले गयी. बताया जा रहा है कि पकड़ा गया व्यक्ति सहिजना का निवासी है. हालांकि, पुलिस की ओर से मामले में अभी विस्तृत जानकारी नहीं दी गयी है.
पुलिस फिलहाल पकड़े गये संदिग्ध से पूछताछ कर रही है. सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य बिंदुओं की जांच की जा रही है. जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि पकड़े गये व्यक्ति की मंदिर में हुई चोरी के अलावा आसपास की अन्य घटनाओं में कोई भूमिका है या नहीं.
आसपास चोरी की घटनाओं से बढ़ी चिंता
स्थानीय लोगों के अनुसार, मंदिर के आसपास नदी क्षेत्र में खेती के लिए लगाये गये टुल्लू पंप की चोरी की घटना भी कुछ दिन पहले सामने आयी थी. लगातार चोरी की घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गयी है.
स्थानीय लोगों ने पुलिस से मंदिर परिसर और आसपास के इलाके में रात के समय गश्त बढ़ाने तथा चोरी की घटनाओं की गहन जांच करने की मांग की है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
