गढ़वा : सावन की आखिरी सोमवारी के अवसर पर सोमवार को गढ़वा थाना परिसर स्थित हनुमान मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की गयी. इस दौरान पूरे थाना परिसर में भक्तिमय माहौल रहा. पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने भगवान शिव व हनुमान जी की विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि और सुरक्षा की कामना की.
पूजा कार्यक्रम में एएसआइ अभिमन्यु कुमार सिंह ने यजमान की भूमिका निभायी. उन्होंने विधि-विधान के साथ भगवान शिव और हनुमान जी की पूजा की. इस दौरान जलाभिषेक सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराये गये. सावन की अंतिम सोमवारी होने के कारण पूजा को लेकर पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों में विशेष उत्साह देखा गया.
पूजा के दौरान मंदिर में श्रद्धालुओं की भी उपस्थिति रही. श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की. धार्मिक अनुष्ठान के दौरान थाना परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा.
मौके पर थाना प्रभारी सुनील कुमार तिवारी, मनोज सिंह सहित कई पुलिस पदाधिकारी और पुलिसकर्मी उपस्थित थे.
