गढ़वा. मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत गढ़वा में नये मतदाताओं को सूची में जोड़ने की प्रक्रिया में अच्छी सक्रियता सामने आयी है. 13 सितंबर तक जिले के सभी 1004 मतदान केंद्रों पर फॉर्म-6 प्राप्त हुए हैं. यानी एक भी मतदान केंद्र ऐसा नहीं है, जहां नये मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए एक भी आवेदन नहीं आया हो. वहीं 75 मतदान केंद्र ऐसे हैं, जहां 30 से अधिक फॉर्म-6 प्राप्त हुए हैं.
विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और विवरण में सुधार के लिए दावा-आपत्ति की प्रक्रिया चल रही है. फॉर्म-6 उन पात्र नागरिकों के लिए है, जिनका नाम मतदाता सूची में नहीं है. 18 वर्ष की उम्र पूरी कर चुके युवा भी इसके माध्यम से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं. झारखंड में दावा-आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तिथि 15 सितंबर है. इसके बाद दावों-आपत्तियों का निस्तारण 14 अक्तूबर तक किया जायेगा और अंतिम मतदाता सूची 19 अक्तूबर को प्रकाशित होगी.
ये भी पढ़ें: गढ़वा के सगमा में तेली साहु महासंगठन की नई कमेटी, अजय साह को मिली प्रखंड अध्यक्ष की जिम्मेदारी
भवनाथपुर में सबसे अधिक बूथों पर 30 से ज्यादा आवेदन
विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़ों के अनुसार भवनाथपुर के 516 मतदान केंद्रों में 118 पर 1 से 5, 109 पर 6 से 10, 156 पर 11 से 20, 84 पर 21 से 30 तथा 49 मतदान केंद्रों पर 30 से अधिक फॉर्म-6 प्राप्त हुए हैं.
गढ़वा विधानसभा क्षेत्र के 462 मतदान केंद्रों में 25 पर 1 से 5, 143 पर 6 से 10, 228 पर 11 से 20, 66 पर 21 से 30 तथा 26 मतदान केंद्रों पर 30 से अधिक फॉर्म-6 मिले हैं.विशेष गहन पुनरीक्षण के अंतिम चरण में अब 15 सितंबर तक पात्र मतदाताओं के पास नाम जोड़ने और अन्य दावे-आपत्तियां दर्ज कराने का मौका है.
आंकड़ों में स्थिति
कुल मतदान केंद्र : 1004 शून्य फॉर्म-6 वाले केंद्र : एक भी नहीं 1 से 5 आवेदन : 143 केंद्र 6 से 10 आवेदन : 252 केंद्र 11 से 20 आवेदन : 384 केंद्र 21 से 30 आवेदन : 150 केंद्र 30 से अधिक आवेदन : 75 केंद्र
