एसपी आशुतोष शेखर ने संभाली गढ़वा की कमान: बोले- अपराधियों में कानून का खौफ और जनता में विश्वास पैदा करना लक्ष्य

Garhwa News: गढ़वा के नए एसपी आशुतोष शेखर ने पदभार संभालते ही कानून-व्यवस्था को मजबूत करने, अपराध और उग्रवाद पर सख्ती, साइबर क्राइम पर नियंत्रण और महिला सुरक्षा को प्राथमिकता बताया है.

गढ़वा से प्रभाष मिश्रा की रिपोर्ट

Garhwa News: भारतीय पुलिस सेवा के 2014 बैच के अधिकारी आशुतोष शेखर ने गढ़वा जिले के 31वें पुलिस अधीक्षक के तौर पर पदभार संभाल लिया है. खूंटी जैसे जिले में कप्तानी कर चुके शेखर अब गढ़वा की सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभालेंगे. पदभार ग्रहण करने के बाद प्रभात खबर से रूबरू होते हुए उन्होंने अपनी कार्यशैली और प्राथमिकताओं पर विस्तार से चर्चा की. पेश हैं बातचीत के मुख्य अंश. 

बातचीत के मुख्य अंश

सवाल:- गढ़वा जिले में पदभार संभालने के बाद आपकी सर्वोच्च प्राथमिकताएं क्या होंगी?

एसपी आशुतोष शेखर:- मेरी सबसे पहली प्राथमिकता गढ़वा जिले की कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना है. अपराध और उग्रवाद के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी.साथ ही, आज के दौर की बड़ी चुनौती ‘साइबर अपराध’ पर प्रभावी नियंत्रण लगाना और आम जनता के साथ बेहतर समन्वय बनाना मेरी टीम का मुख्य लक्ष्य रहेगा. 

सवाल: महिला सुरक्षा और साइबर अपराध पर पुलिस का रुख क्या होगा?

एसपी:- महिला सुरक्षा को लेकर हमारी नीति बिल्कुल स्पष्ट और सख्त है. महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा. साइबर क्राइम के लिए हम तकनीकी निगरानी बढ़ाएंगे और आम लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाएंगे.

सवाल:- गढ़वा में भूमि विवाद एक बड़ी समस्या है, इसके समाधान के लिए आपकी क्या योजना है?

एसपी:- मुझे जानकारी है कि जिले में भूमि विवाद के मामले अधिक हैं. पुलिस अधिकारी के रूप में, इन विवादों के समाधान के लिए जो भी संभव होगा, हम पूरी मुस्तैदी से प्रयास करेंगे ताकि विवादों का समय पर और शांतिपूर्ण निपटारा हो सके.

सवाल:- आम जनता आपसे कैसे संपर्क कर सकती है? क्या उन्हें मिलने में कोई कठिनाई होगी?

एसपी:- बिल्कुल नहीं. आम लोगों को मुझसे मिलने में कोई परेशानी नहीं होगी. कार्यालय में जनता की समस्याओं को सुनने और उनके समाधान के लिए हमेशा उपलब्ध रहूंगा. पुलिस और जनता के बीच विश्वास का रिश्ता बनाए रखना मेरी प्राथमिकता है.

सवाल:- पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर जनता के लिए आपका क्या संदेश है?

एसपी:- जनता को भरोसा दिलाता हूं कि हर जायज शिकायत पर त्वरित कार्रवाई होगी. हम ऐसी पुलिसिंग सुनिश्चित करेंगे जिससे आम नागरिक सुरक्षित महसूस करें और अपराधियों में कानून का डर बना रहे.

यह भी पढ़ें: साहिबगंज: तीनपहाड़ की सब्जी मंडी में लगी आग, दर्जनों दुकान जल कर राख

यह भी पढ़ें: संकट में रांची का HEC: वेतन बकाया और नए वर्क ऑर्डर न मिलने से बिगड़े हालात, बड़े अधिकारियों ने भी छोड़ा साथ

 

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sweta Vaidya

श्वेता वैद्य प्रभात खबर में लाइफस्टाइल बीट के लिए कंटेंट लिखती हैं. वह पिछले एक साल से व्यंजन (Recipes), फैशन, ब्यूटी टिप्स, होम डेकोर, किचन टिप्स और लेटेस्ट मेहंदी डिजाइन्स जैसे विषयों पर लेख लिख रही हैं. उनका उद्देश्य पाठकों को रोजमर्रा की जिंदगी को आसान और स्टाइलिश बनाने के लिए प्रैक्टिकल टिप्स देना है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >