गौरव पांडेय की रिपोर्ट
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा): नगर पंचायत क्षेत्र के जंगीपुर पेट्रोल पंप के समीप स्थित गायत्री शक्तिपीठ में रविवार को अखिल विश्व गायत्री परिवार की विचार गोष्ठी हुई. इसमें आगामी धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों की तैयारियों के साथ शक्तिपीठ के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई.
गोष्ठी की अध्यक्षता गायत्री परिवार के प्रखंड समन्वयक अजीत कुमार चौबे ने की. कार्यक्रम की शुरुआत पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य और माता भगवती देवी शर्मा के स्मरण के साथ हुई. इसके बाद सदस्यों ने संगठन की गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों और गायत्री शक्तिपीठ के विकास को लेकर अपने विचार रखे.
खाटू श्याम संकीर्तन महोत्सव में शामिल होने की अपील
प्रखंड समन्वयक अजीत कुमार चौबे ने 22 सितंबर को प्लस टू उच्च विद्यालय में आयोजित होने वाले श्री खाटू श्याम संकीर्तन महोत्सव में अधिक से अधिक लोगों से शामिल होने की अपील की. उन्होंने कहा कि इस धार्मिक आयोजन में गायत्री परिवार के सदस्य सक्रिय भूमिका निभाएंगे. उन्होंने बताया कि श्री खाटू श्याम जी से संबंधित कार्यक्रम का शुभारंभ गायत्री शक्तिपीठ से होगा. यहां पहुंचने वाले श्रद्धालुओं का तिलक लगाकर स्वागत किया जाएगा. इसके बाद शोभायात्रा नगर के मुख्य मार्ग से होते हुए ऐतिहासिक श्री राधा कृष्ण बंशीधर मंदिर पहुंचेगी.
ये भी पढ़ें- गढ़वा: जरूरतमंद बच्चों के बीच लियो क्लब ने बांटी शैक्षणिक सामग्री
हरतालिका तीज व्रत का होगा पूजन
अजीत कुमार चौबे ने बताया कि सोमवार को शाम चार बजे से सुहागिनों के महापर्व हरतालिका तीज व्रत का पूजन किया जाएगा. गोष्ठी में सभी धार्मिक आयोजनों को सफल बनाने के लिए आपसी समन्वय और सहयोग के साथ कार्य करने की अपील की गई. बैठक में अनिल लाल अग्रवाल, जोखू प्रसाद, राम प्रसाद कमलापुरी, अशोक प्रसाद गुप्ता, परिव्राजक ललसू राम, अखौरी ज्योतिम प्रसाद, डॉ सतीश कुमार, युवा समन्वयक शुभम जायसवाल, प्रदीप शर्मा, अमर जायसवाल, राजेश जायसवाल, शुभम कुमार, अनीता देवी, इंद्रावती देवी, सृष्टि कुमारी सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे.
ये भी पढ़ें- झारखंड चेंबर चुनाव: गहमागहमी के बीच हरमू स्थित मारवाड़ी भवन में चल रही वोटिंग
