श्री बंशीधर नगर, गढ़वा: श्री बंशीधर नगर थाना क्षेत्र के कोइंदी गांव के जंगल के रास्ते से गोवंशीय पशुओं को चोरी-छिपे वधशाला ले जाने के आरोप में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, सभी पशुओं को मारपीट कर अवैध तरीके से ले जा रहे थे. कार्रवाई थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार के नेतृत्व में की गयी.
इस मामले में नगर ऊंटारी थाना कांड संख्या 186/2026, दिनांक 10 सितंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं, झारखंड गोवंशीय पशु वध अधिनियम की धारा 12 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
गिरफ्तार आरोपियों में नगर ऊंटारी थाना क्षेत्र के विशुनपुर गांव निवासी अनवर खान (37), शमशेर खान (21), कोइंदी गांव निवासी फजल हुसैन (35) तथा विशुनपुरा थाना क्षेत्र के पतिहारी गांव निवासी अली हुसैन (35) शामिल हैं.
पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
