गढ़वा . रक्षाबंधन के अवसर पर एमएस पब्लिक स्कूल, केतार के तत्वावधान में विद्यालय परिसर में नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का उद्घाटन जिला परिषद सदस्य ज्वाला प्रसाद, विद्यालय अध्यक्ष परशुनाथ साह और सूर्या आई क्लिनिक के प्रोपराइटर डॉ. सूरज कुशवाहा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया.
बच्चों की आंखों की जांच जरूरी
उद्घाटन के मौके पर जिला परिषद सदस्य ज्वाला प्रसाद ने कहा कि बच्चों की आंखों की नियमित जांच बेहद जरूरी है. समय पर आंखों से जुड़ी बीमारी या समस्या की पहचान हो जाने से उसका तत्काल इलाज कराया जा सकता है. उन्होंने कहा कि अभिभावकों को बच्चों की आंखों की सेहत को लेकर विशेष ध्यान देना चाहिए.
कम उम्र में भी बढ़ रही आंखों की समस्या
सूर्या आई क्लिनिक के प्रोपराइटर डॉ. सूरज कुशवाहा ने बताया कि कम उम्र के बच्चों में भी आंखों से जुड़ी समस्याएं बढ़ रही हैं. उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष इसी विद्यालय में आयोजित नेत्र जांच शिविर के दौरान तीन बच्चों में आंखों से संबंधित समस्या पायी गयी थी. ऐसे शिविरों से समय रहते बच्चों की आंखों की जांच और जरूरी सलाह मिल जाती है.
ये भी पढ़ें: प्रसव के दौरान महिला की मौत, एएनएम पर लापरवाही का आरोप , आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम
अतिथियों और बच्चों की हुई जांच
नेत्र जांच शिविर में अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों के साथ छात्र-छात्राओं की भी आंखों की जांच की गयी. जांच के दौरान लोगों को आंखों की देखभाल और नियमित जांच के महत्व की जानकारी दी गयी.
ये भी पढ़ें: गढ़वा : वात्सल्य योजना की बहाली प्रक्रिया पर उठे सवाल, आवेदिका ने की जांच की मांग
बच्चों ने बांधी राखी, लिया सेवा का संकल्प
शिविर के साथ विद्यालय परिसर में रक्षाबंधन उत्सव भी मनाया गया. बच्चों ने अतिथियों और अभिभावकों को राखी बांधी. इसके बाद बच्चों ने आपस में भी राखी बांधकर सेवा, समर्पण और सहयोग की भावना के साथ आगे बढ़ने का संकल्प लिया. रक्षाबंधन के इस आयोजन से विद्यालय परिसर में उत्साह और भाईचारे का माहौल बना रहा.
