गढ़वा के स्कूलों में MDM की खुली पोल! कहीं एक्सपायर्ड मसाले से खाना, तो कहीं बच्चों को कम मिला भोजन

गढ़वा के स्कूलों में मिड-डे मील की जांच में एक्सपायर्ड मसाले और अनियमितताएं मिलीं। प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।

गढ़वा: जिले के सरकारी विद्यालयों में बच्चों को दिए जाने वाले मिड-डे मील (एमडीएम) की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर बुधवार को हुई प्रशासनिक जांच में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं. उपायुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी किरण हेमब्रम के नेतृत्व में टीम ने रमना प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया.

एक्सपायर्ड मसालों से बन रहा था भोजन

जांच के दौरान एक विद्यालय में एक्सपायर्ड मसालों से भोजन बनता मिला, जबकि दूसरे विद्यालय में बच्चों को निर्धारित मात्रा से कम भोजन परोसे जाने का मामला सामने आया.

उत्क्रमित मध्य विद्यालय रमना में रसोईघर में गंदगी पाई गई और निर्धारित मेनू के विपरीत भोजन तैयार किया जा रहा था. जांच में सब्जी बनाने के लिए एक्सपायर्ड मसाले का उपयोग होते मिलने पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने उसे तत्काल जब्त कर लिया. संयोजिका को कड़ी चेतावनी देते हुए भविष्य में ऐसी लापरवाही दोहराने पर कानूनी कार्रवाई की बात कही गई. साथ ही बच्चों के लिए सुरक्षित पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.

निर्धारित मात्रा से कम दिया गया भोजन

इसके बाद टीम पीएम श्री राजकीय मध्य विद्यालय सिलिदाग-1 पहुंची, जहां रसोईघर की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली. यहां बच्चों को निर्धारित मात्रा से कम भोजन दिए जाने पर संयोजिका और विद्यालय प्रभारी को फटकार लगाई गई. उन्हें मेनू के अनुसार पर्याप्त और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया.

वहीं, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय रमना में साफ-सफाई, भोजन की गुणवत्ता और आरओ पेयजल की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई.

लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई : एफएसओ

खाद्य सुरक्षा अधिकारी (एफएसओ) किरण हेमब्रम ने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 का पालन नहीं करने और एक्सपायर्ड या मानकहीन सामग्री का उपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

उन्होंने बताया कि जिले के सभी एमडीएम केंद्रों की बिना पूर्व सूचना के नियमित जांच जारी रहेगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Avinash singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >