श्री बंशीधर नगर. गढ़वा के श्री बंशीधर नगर थाना क्षेत्र के ठरका गांव स्थित सुरंगही बांध के पास पुलिस ने सोमवार को छापेमारी कर जुआ खेलते आठ लोगों को गिरफ्तार किया. पुलिस ने मौके से 10.50 लाख रुपये नकद, चार चारपहिया वाहन, चार बाइक, आठ मोबाइल, एक बैग, दरी और ताश के पत्ते बरामद किये हैं. गिरफ्तार किये गये लोग मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ के रहनेवाले हैं.
एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह ने मंगलवार को प्रेसवार्ता में बताया कि पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि अहिपुरवा गांव निवासी प्रदीप डोम अपने साथियों के साथ बाहर से लोगों को बुलाकर जुआ खिला रहा है. सूचना के बाद डीएसपी मुख्यालय यशोधरा के नेतृत्व में क्यूआरटी और नगर ऊंटारी थाना पुलिस की टीम गठित की गयी. टीम ने ठरका गांव स्थित सुरंगही बांध के पास छापेमारी की, जहां आठ लोगों को जुआ खेलते पकडा गया.
गिरफ्तार लोगों में मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले के बैढन थाना क्षेत्र के बेलोजी गांव निवासी सुंदर साह, ब्रह्मपान गांव निवासी पुष्पेंद्र वैश्य, नावानगर थाना क्षेत्र के दसौती गांव निवासी प्रदीप कुमार विश्वकर्मा और माडा थाना क्षेत्र के बहेरी कला गांव निवासी बाबूजी शाह शामिल हैं.
वहीं उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के ओबरा थाना क्षेत्र के डाला गांव निवासी अखिलेश उपाध्याय, हमीरपुर जिले के जरिया थाना क्षेत्र के पहरा गांव निवासी रामनरेश सिंह और चंडौत गांव निवासी दिलीप कुमार को भी गिरफ्तार किया गया. इसके अलावा छत्तीसगढ के सूरजपुर जिले के रामानुजगंज थाना क्षेत्र के त्रिपेश्वरपुर गांव निवासी शंभेर खां को गिरफ्तार किया गया.
एसडीपीओ ने बताया कि सभी के खिलाफ नगर ऊंटारी थाना में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. छापेमारी के दौरान पुलिस इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार आजाद, थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार, पुअनि जितेंद्र कुमार सहित पुलिस बल मौजूद था.
