विशुनपुरा. दुर्गा पूजा को लेकर जय मां दुर्गे महासंघ कमेटी हुरही की बैठक आयोजित की गयी. बैठक में पूर्व कमेटी को भंग कर नयी कमेटी का गठन किया गया.
इसमें सर्वसम्मति से राधेश्याम सिंह को अध्यक्ष, मुन्ना साह को उपाध्यक्ष, राम सुंदर यादव को सचिव, नंदू यादव को सह सचिव, जगदीश बैठा को कोषाध्यक्ष तथा संजय कुमार गुप्ता को संचालक चुना गया.
बैठक में आगामी दुर्गा पूजा को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिये गये. कमेटी ने इस वर्ष मां दुर्गा की संगमरमर की प्रतिमा स्थापित करने का निर्णय लिया है. प्रतिमा की स्थापना बनारस से आने वाले विद्वान पंडितों के द्वारा विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कराए जाने का निर्णय लिया गया.
कमेटी के सदस्यों ने बताया कि दुर्गा पूजा के दौरान धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जायेगा. इसके तहत 24 घंटे का अखंड कीर्तन, नवमी के दिन महाप्रसाद वितरण तथा भक्ति जागरण का आयोजन किया जायेगा. बैठक में कमेटी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने पूजा समारोह को शांतिपूर्ण एवं श्रद्धापूर्वक संपन्न कराने के लिए आपसी सहयोग से कार्य करने का निर्णय लिया.
