गढ़वा. अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने अपने एक घंटे के नियमित साप्ताहिक कार्यक्रम कॉफी विद एसडीएम में इस सप्ताह गढ़वा अनुमंडल क्षेत्र के दिव्यांग जनों को आमंत्रित किया है. उन्होंने बताया कि उक्त कार्यक्रम के लिए आगामी बुधवार पांच मार्च को 11:00 से 12:00 बजे के बीच निर्धारित है. एसडीएम ने कहा कि क्षेत्र के दिव्यांग जनों के साथ उनके सहयोगी परिजन/अभिभावक भी कार्यक्रम में आ सकते हैं. कार्यक्रम के दौरान संबंधित पदाधिकारियों द्वारा दिव्यांगजनों के लिए केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताया जायेगा. साथ ही इस बात की जानकारी ली जायेगी कि उक्त कल्याणकारी योजनाओं का नियमानुसार लाभ/ सहायता लेने से कोई पात्र दिव्यांग भाई-बहन छूट तो नहीं रहे हैं. दिव्यांग-जनों से सहज वार्तालाप कर यह जानने का प्रयास किया जायेगा कि उनकी कोई परेशानी या शिकायत तो नहीं है और परेशानी हल करने की दिशा में उन्हें प्रशासन से क्या अपेक्षाएं हैं. एसडीओ ने बताया कि कॉफी विद एसडीएम में जो दिव्यांग जन सम्मिलित होंगे वे इस अनौपचारिक प्लेटफार्म के माध्यम से अपने समूह या क्षेत्र की बेहतरी को लेकर अपने सुझाव भी दे सकते हैं. उनके व्यावहारिक सुझावों को अमल में लाने का प्रयास किया जायेगा. संबंधित विभागों के पदाधिकारी भी रहेंगे : उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को भी आमंत्रित किया जा रहा है. ताकि दिव्यांग कल्याण एवं उनसे जुड़ीी सेवाओं व योजनाओं के बारे में आमंत्रित समूह को विस्तार से बताया जा सके और लाभ दिलाया जा सके. कोई भी हो सकता है शामिल : संजय कुमार ने सदर अनुमंडल क्षेत्र के दिव्यांग जनों से अपील की है कि जो भी दिव्यांग इस कार्यक्रम में आने के इच्छुक हों, वे आगामी बुधवार को 11:00 बजे अनुमंडल कार्यालय में सादर आमंत्रित हैं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
