गढ़वा से अविनाश की रिपोर्ट
Garhwa News: झारखंड के गढ़वा जिला में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी अनन्य मित्तल ने समाहरणालय परिसर स्थित अलग-अलग विभागों और प्लास मार्ट का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण कार्यालयों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया. उन्होंने राजस्व, भू-अर्जन, कोषागार और समाज कल्याण समेत कई प्रमुख कार्यालयों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया और अधिकारियों को जनसेवा के प्रति संवेदनशील रहने का निर्देश दिया.
उपस्थिति पंजी की जांच
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने राजस्व कार्यालय, भू-अर्जन, कोषागार, नजरत, परिवहन, सामाजिक सुरक्षा कोषांग और समाज कल्याण कार्यालयों का भ्रमण किया. उन्होंने उपस्थिति पंजी की जांच की और अभिलेखों की स्थिति देखी. उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी कर्मी समय पर कार्यालय आएं और अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक पालन करें जिससे कि आमजन को दी जाने वाली सेवाओं में देरी न हो.
स्वच्छता और पारदर्शिता पर जोर
डीसी ने कार्यालय परिसर को स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाए रखने पर विशेष जोर दिया. उन्होंने निर्देश दिए कि परिसर में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए, शौचालयों को साफ-सुथरा और इस्तेमाल के योग्य रखा जाए. फाइलों का रखरखाव सही तरीके से हो जिससे कि पारदर्शिता बनी रहे.
प्लास मार्ट का भी किया निरीक्षण
उपायुक्त ने समाहरणालय स्थित प्लास मार्ट का भी निरीक्षण किया. वहां उपलब्ध सामग्री और कार्यप्रणाली को देखते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि सेवा वितरण को और अधिक प्रभावी और जनहितकारी बनाया जाए. उन्होंने कहा कि अनुशासन, स्वच्छता और पारदर्शिता ही सुशासन के मूल आधार हैं.
अधिकारी रहे उपस्थित
इस निरीक्षण के दौरान उपायुक्त के साथ अपर समाहर्ता राज महेश्वरम, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी संजय कुमार प्रसाद, जिला परिवहन पदाधिकारी धीरज प्रकाश और जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पंकज कुमार गिरि सहित अन्य कर्मचारी मौजूद थे.
यह भी पढ़ें: JPSC PT में अनुपस्थित रहे 1.06 लाख परीक्षार्थी: आयोग ने जारी किया मॉडल उत्तर, जानें मेंस और इंटरव्यू की संभावित तारीख
यह भी पढ़ें: अक्षय तृतीया पर बाबा बैद्यनाथ का अलौकिक महाशृंगार: सरदार पंडा ने किया दिव्य पूजन, पलंग-पादुका का हुआ दान
