डी फार्मा डिग्रीधारी ने बच्ची की जांच कराकर लगाया इंजेक्शन, इलाज के दौरान मौत

डी फार्मा डिग्रीधारी ने बच्ची की जांच कराकर लगाया इंजेक्शन, इलाज के दौरान मौत

प्रतिनिधि, कांडी कांडी थाना क्षेत्र में डी फॉर्मा डिग्रीधारी के यहां इलाज के दौरान छह वर्षीय बच्ची की मौत का मामला सामने आया है. घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने चिकित्सक पर गंभीर लापरवाही और हत्या का आरोप लगाया और जमकर हंगामा किया. मृत बच्ची की पहचान बतों खुर्द गांव निवासी निरंजन कुमार गुप्ता की छह वर्षीय पुत्री ब्यूटी कुमारी के रूप में हुई है. सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. मृत बच्ची की मां रेणु देवी ने बताया कि उनकी पुत्री को तीन दिन से बुखार था. इलाज के लिए वह बुधवार को कांडी स्थित कथित चिकित्सक डॉ रंजीत कुमार मेहता के पास गयी थीं. जहां उन्होंने बच्ची की पहले ब्लड जांच करायी और रिपोर्ट आने के बाद बच्ची को एक इंजेक्शन लगाया. इंजेक्शन लगने के तुरंत बाद बच्ची की तबीयत अचानक बिगड़ गयी और उसे उल्टी होने लगी. कुछ ही देर में उसकी स्थिति गंभीर हो गयी. परिजनों के अनुसार, बच्ची की हालत बिगड़ने पर चिकित्सक ने उसे कांडी अस्पताल रेफर कर दिया, जहां से बेहतर इलाज के लिए मझिआंव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया. लेकिन मझिआंव अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया. परिजनों का आरोप है कि गलत इंजेक्शन के दुष्प्रभाव से बच्ची की मौत हुई है. उन्होंने बताया कि कांडी में केदार नामक व्यक्ति के पुत्र द्वारा संचालित ओम मेडिकल परिसर में उक्त चिकित्सक मरीजों का इलाज करते हैं. जांच रिपोर्ट के आधार पर बच्ची को दिया था इंजेक्शन: रंजीत कुमार बच्ची को इंजेक्शन देने वाले रंजीत कुमार मेहता ने बताया कि ब्लड जांच रिपोर्ट के आधार पर बच्ची को मोनोसेफ 500 एमजी का इंजेक्शन दिया गया था. उन्होंने बताया कि बच्ची को संक्रमण और टाइफाइड की शिकायत थी. हालत बिगड़ने पर उसे तत्काल कांडी अस्पताल रेफर किया गया था. उन्होंने अपनी शैक्षणिक योग्यता डी फार्मा बतायी. डी फॉर्मा योग्यताधारी को इलाज करने का अधिकार नहीं : सिविल सर्जन सिविल सर्जन डॉ जान एफ केनेडी ने कहा कि नियम के मुताबिक डी फार्मा योग्यताधारी सिर्फ दवा दुकान चला सकते हैं. उन्हें किसी भी मरीज का इलाज करने का कोई अधिकार नहीं है. उन्होंने कहा कि कांडी के मामले की जांच करायी जायेगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी. कांडी थाना में दर्ज कर ली गयी है प्राथमिकी इस मामले में कांडी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी. कांडी थाना प्रभारी मोहम्मद अशफाक आलम ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है. हर बिंदु पर बारीकी से साक्ष्य जुटाये जा रहे हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Akarsh Aniket

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >