वार्ड में नहीं हुए महिला कल्याण से जुड़े ठोस कार्य

नगर निकाय चुनाव से पहले महिलाओं ने उठाये सवाल, कुछ मतदाता विकास से संतुष्ट

नगर निकाय चुनाव से पहले महिलाओं ने उठाये सवाल, कुछ मतदाता विकास से संतुष्ट …………. ग्राउंड रिपोर्ट वार्ड 20 ……….. आंकड़ों में वार्ड की तसवीर कुल वोटर 1554 महिला मतदाता 765 पुरुष मतदाता 789 बूथ की संख्या 2 जितेंद्र सिंह, गढ़वा नगर निकाय चुनाव को लेकर वार्ड स्तर पर प्रभात खबर द्वारा आयोजित परिचर्चा कार्यक्रमों में मतदाता खुलकर अपनी राय रख रहे हैं. इसी क्रम में बुधवार को गढ़वा नगर परिषद के वार्ड संख्या–20, टंडवा में परिचर्चा आयोजित की गयी. कार्यक्रम में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और वार्ड की समस्याओं व अपनी अपेक्षाओं को स्पष्ट रूप से सामने रखा. वार्ड की महिलाओं ने कहा कि वार्ड में अपेक्षित स्तर पर विकास नहीं हो सका. महिलाओं ने कहा कि महिला कल्याण से जुड़े ठोस कार्य नहीं किये गये. वहीं कुछ पुरुष मतदाताओं ने अलग राय रखते हुए कहा कि सड़क, नाली और पाइपलाइन जैसे कई विकास कार्य हुए हैं, हालांकि उन्होंने यह भी माना कि कई योजनाएं अब भी अधूरी हैं. वार्डवासियों का कहना था कि चुनाव होते रहे, लेकिन बुनियादी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हुआ. परिचर्चा में यह भी मुद्दा उठा कि नगर परिषद के गठन के 18 वर्ष बाद भी कई वार्डों में मूलभूत सुविधाओं की कमी बनी हुई है. लगभग 10 हजार की आबादी वाले वार्ड 20 में दो मतदान केंद्र और 10 मोहल्ले हैं. यहां मध्यमवर्गीय कॉलोनियों के साथ घनी आबादी वाली बस्तियां भी शामिल हैं. कुछ इलाकों में विकास कार्य हुए हैं, लेकिन कई मोहल्लों में सड़क और नाली के अभाव से लोगों को परेशानी हो रही है. ……… हरिजन मोहल्ले में अपेक्षित विकास नहीं: शीला देवी मतदाता शीला देवी ने कहा कि उनके हरिजन मोहल्ले में विकास कार्य संतोषजनक नहीं हैं. पाइपलाइन बिछायी गयी है, लेकिन तीन-तीन दिन के अंतराल पर पानी मिलता है. नाली निर्माण कार्य भी अधूरा है. वार्ड के विकास कार्य से संतुष्ट: फकीरा अंसारी फकीरा अंसारी ने कहा कि सड़क, नाली और पाइपलाइन जैसे कई कार्य हुए हैं. वे विकास से संतुष्ट हैं. उन्होंने उम्मीद जतायी कि शेष कार्य भी पूरे होंगे और मोहल्ले का और भी विकास होगा. स्थानीय विरोध से कई कार्य प्रभावित: असलम अंसारी असलम अंसारी ने बताया कि कई बार स्थानीय विरोध के कारण कई कार्य बाधित हुए. हाल में उनके मोहल्ले में बिजली पोल लगाने का प्रयास हुआ, लेकिन विरोध के कारण काम रुक गया. इसके बावजूद वे सड़क और नाली निर्माण से संतुष्ट हैं. मंईयां योजना में घूस के बावजूद दर्ज नहीं हुआ नाम: देवंती कुंवर देवंती कुंवर ने आरोप लगाया कि मइंया योजना में नाम दर्ज कराने के लिए 200 रुपये देने के बावजूद उनका नाम नहीं जुड़ा. उन्होंने ठंड में कंबल नहीं मिलने की भी शिकायत की. गरीबों के लिए ठोस काम नहीं: राजकुमारी देवी राजकुमारी देवी ने कहा कि गरीबों को आवास योजना का लाभ नहीं मिला और कई जगह सड़क-नाली के काम अधूरे हैं. उन्होंने विकास कार्यों पर असंतोष जताया आगे विकास की उम्मीद जतायी. इलाके में कई विकास कार्य हुए हैं: रूबी देवी रूबी देवी ने कहा कि उनके मोहल्ले में सड़क, नाली और पेयजल पाइपलाइन का काम हुआ है. बिजली व्यवस्था भी ठीक है और आगे और विकास की उम्मीद है. ……………. पूर्व पार्षद ने कहा वार्ड की पूर्व पार्षद सविता देवी ने कहा कि उनका जीवन जनता की सेवा के लिए समर्पित है. उन्होंने बताया कि जरूरतमंदों को राशन और पेंशन योजनाओं से जोड़ा गया है. मेन रोड से जनकपुरी मोहल्ला तक नाला निर्माण कराया गया है. पेयजल योजना के तहत लगभग 80 प्रतिशत पाइपलाइन बिछ चुकी है. कन्या मध्य विद्यालय तक पक्की सड़क भी बनायी गयी है. उन्होंने स्वीकार किया कि कुछ कार्य अधूरे हैं, लेकिन दोबारा अवसर मिलने पर सभी कार्य पूरे किए जायेंगे. विशेषज्ञ की राय भारतीय ज्ञान विज्ञान समिति के अध्यक्ष संजय तिवारी ने कहा कि मतदाता चुनाव में सोच-समझकर निर्णय लें. उन्होंने स्वच्छ छवि और ईमानदार उम्मीदवार को चुनने की अपील की. उनके अनुसार विकास के नाम पर लूट नहीं, बल्कि साफ-सफाई, मजबूत सड़क, शुद्ध पेयजल, 24 घंटे बिजली, बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं पर काम करने वाले प्रतिनिधि की जरूरत है, तभी गढ़वा एक स्वच्छ और समृद्ध शहर बन सकेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Akarsh Aniket

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >