मेराल से संजय तिवारी की रिपोर्ट
Garhwa (मेराल): मेराल थाना क्षेत्र के महेताम गांव स्थित प्रसिद्ध आस्था का केंद्र चेड़ी धाम मंदिर में बीती रात चोरों ने भीषण चोरी की घटना को अंजाम दिया है. यह मंदिर बेचिरागी गांव में स्थित हैं. इसके आसपास डेढ़ किलोमीटर में कोई घर या बस्ती नहीं हैं. चोरों ने मंदिर के छह ताले तोड़कर दान पेटी से लगभग 40 हजार रुपये नकद और चढ़ावे के लगभग 50 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए. इस घटना से पूरे इलाके के श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश और दुख है. जानकारी के अनुसार, चोरों ने मंदिर से सोने का मंगलसूत्र, सोने की बिंदी, कान की बाली और नथिया सहित कई कीमती गहने गायब कर दिए. ये वे आभूषण थे जो श्रद्धालुओं ने अपनी मन्नत पूरी होने पर माता को चढ़ावा के रूप में अर्पित किए थे.
जल मिनार का स्टार्टर भी ले गए चोर
हद तो तब हो गई जब चोरों ने परिसर में लगे जल मीनार का स्टार्टर भी नहीं छोड़ा और उसे भी अपने साथ ले गए. घटना के संबंध में बताया गया कि मंदिर के पुजारी संजय कुशवाहा (निवासी – बौराहा) शनिवार शाम करीब 6 बजे मंदिर, स्टोर रूम और दान पेटी में कुल 6 ताले लगाकर घर गए थे. रविवार सुबह जब वे पट खोलने पहुंचे, तो सभी ताले टूटे मिले. पुजारी ने तत्काल इसकी सूचना मंदिर संचालक गंगा प्रसाद अग्रवाल, जिला परिषद सदस्य संजय कुमार सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष उदय कुमार कुशवाहा सहित अन्य ग्रामीणों और पुलिस को दी.
जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही मेराल थाना प्रभारी विष्णु कांत दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और साक्ष्य जुटाने के लिए फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की मदद ली. थाना प्रभारी ने बताया कि चोरों की धर-पकड़ के लिए सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है और जल्द ही मामले का उद्भेदन कर लिया जाएगा. चेड़ी धाम मंदिर बरसों से लोगों की अटूट आस्था का केंद्र रहा है, जहां लोग दूर-दूर से पूजा-पाठ करने और प्रसाद चढ़ाने आते हैं. इस बड़ी चोरी ने आम जनमानस की भावनाओं को गहरी ठेस पहुंचाई है. ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द चोरों को गिरफ्तार करने और आभूषण बरामद करने की मांग की है.
ये भी पढ़ें…
गढ़वा: सरकारी राशन दुकानों में आग से बचाव के इंतजाम गायब, पुराने रिकॉर्ड चस्पा कर रहे डीलर
गढ़वा: नाम बदलकर युवती को प्रेम जाल में फंसाया, अब प्रताड़ना का आरोप
