बंशीधर नगर में बीआरपी-सीआरपी की समीक्षा बैठक, ई-गुरुजी, ई-विद्या वाहिनी, अपार आइडी और छात्रवृत्ति से जुड़े कार्यों को समय पर पूरा करने का निर्देश
श्री बंशीधर नगर, गढ़वा : प्रखंड संसाधन केंद्र में शनिवार को प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी (बीपीओ) वीरेंद्र प्रसाद की अध्यक्षता में बीआरपी और सीआरपी की संयुक्त समीक्षा बैठक हुई. इसमें विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता सुधार, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और विद्यालय स्तर पर लंबित कार्यों की समीक्षा की गयी.
बीपीओ ने कहा कि जिन शिक्षकों ने अब तक ई-गुरुजी पोर्टल पर स्प्लिट सिलेबस अपलोड नहीं किया है, वे इसे अविलंब पूरा करें. इसमें लापरवाही बरतने वाले शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई के लिए वरीय पदाधिकारियों को पत्राचार किया जायेगा. उन्होंने सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना से जुड़े सभी लंबित कार्य 24 घंटे के भीतर शत-प्रतिशत पूरा करने का निर्देश दिया.
एसएमसी और इंस्पायर अवार्ड के कार्य पूरे करने का निर्देश
जिन विद्यालयों में विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) का पुनर्गठन हो चुका है, वहां नवनिर्वाचित सदस्यों की प्रविष्टि ई-विद्या वाहिनी पोर्टल पर तत्काल दर्ज कराने को कहा गया. सभी सीआरपी को अपने संकुल के माध्यमिक और उच्च विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों से समन्वय स्थापित कर इंस्पायर अवार्ड-मानक योजना के तहत कम से कम पांच-पांच विद्यार्थियों का नामांकन कराने का निर्देश दिया गया.
उपस्थिति और अपार आइडी पर जोर
बीपीओ ने विद्यालय भ्रमण के दौरान प्रधानाध्यापक और एसएमसी के सहयोग से विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित कराने को कहा. अपार आइडी निर्माण की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने कहा कि यू-डायस में दर्ज नाम और आधार कार्ड में नाम अलग होने की स्थिति में उसका विवरण तैयार कर बीआरसी के एमआइएस समन्वयक राजकुमार मेहता के पास तत्काल जमा करें, ताकि आवश्यक सुधार के बाद अपार आइडी का निर्माण पूरा किया जा सके.
उन्होंने ई-विद्या वाहिनी पोर्टल पर शिक्षकों और विद्यार्थियों की दैनिक उपस्थिति तथा टेस्ट बुक की प्रविष्टि शत-प्रतिशत दर्ज करना अनिवार्य बताया. पीएम श्री विद्यालयों में मॉड्यूल यूथ एवं ग्राम सभा का आयोजन, प्रशस्त ऐप के माध्यम से दिव्यांग बच्चों की स्क्रीनिंग और ई-कल्याण पोर्टल पर प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए आवेदन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया. साथ ही एसएचबीआर लिंक भरने का कार्य भी जल्द पूरा करने को कहा.
बैठक में बीआरपी श्रीकांत चौबे, लेखा सहायक प्रदीप शुक्ला, सीआरपी संजय कुमार सिंह, प्रशांत कुमार देव, अजय कुमार, शोभा पांडेय, वीरेंद्र प्रजापति, रिसोर्स शिक्षक शशिकांत पाल समेत सभी सीआरपी और कर्मी उपस्थित थे.
