केतार, गढ़वा: परती पंचायत में पिछले कई महीनों से आतंक का पर्याय बने काले सांड को पकड़ने के लिए शुक्रवार को पशुपालन विभाग की टीम पहुंची. टीम के पहुंचते ही सांड ने उनकी गाड़ी पर हमला कर दिया. काफी प्रयास के बावजूद उसे काबू में नहीं किया जा सका, जिसके बाद टीम बिना पकड़े ही लौट गयी.
ग्रामीणों के अनुसार, सांड अब तक कई वाहनों को क्षतिग्रस्त करने के साथ कई लोगों पर हमला कर चुका है. वह कई बार अचानक घरों में भी घुस जाता है. इससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है. सांड को पकड़ने के लिए ग्रामीणों ने बीडीओ, डीएफओ समेत कई अधिकारियों से गुहार लगायी थी. समाधान नहीं होने पर उपायुक्त को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की गयी थी.
एक सप्ताह में दोबारा पहुंचेगी टीम
जिला पशुपालन पदाधिकारी के निर्देश पर भवनाथपुर पशुपालन पदाधिकारी डॉ. आरपी राम के नेतृत्व में टीम पहुंची थी. डॉ. राम ने बताया कि अब ट्रैंक्विलाइज गन से सांड को बेहोश किया जायेगा. इसके बाद जेसीबी की मदद से उसे बड़े वाहन में सुरक्षित स्थान पर ले जाया जायेगा. उन्होंने बताया कि एक सप्ताह के भीतर टीम दोबारा कार्रवाई करेगी.
