प्रतिनिधि, गढ़वा/मेराल सदर एसडीएम संजय कुमार की अनूठी पहल पर जिला मुख्यालय में सफलता से संचालित आपन सरस्वतिया स्वच्छता अभियान का विस्तार अब मेराल प्रखंड तक किया जा रहा है. इसी सिलसिले में शुक्रवार को प्रखंड मुख्यालय में स्थानीय बुद्धिजीवियों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ एसडीएम ने एक महत्वपूर्ण बैठक की. बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि मेराल क्षेत्र से होकर गुजरने वाली सरस्वतिया नदी की सफाई, डी-सिल्टिंग (गाद हटाना) और अतिक्रमण मुक्ति के लिए आगामी रविवार से व्यापक जनअभियान की शुरुआत की जाएगी. इसके तहत जनसहयोग के माध्यम से करीब तीन किलोमीटर लंबे नदी क्षेत्र को साफ और प्रवाहमान बनाने का लक्ष्य रखा गया है. एसडीएम संजय कुमार के प्रस्ताव पर बैठक में तय हुआ कि मेराल क्षेत्र में अभियान का नेतृत्व स्थानीय अंचलाधिकारी (सीओ) यशवंत नायक करेंगे. अभियान को सुचारू रूप से चलाने के लिए एक स्थानीय समिति का भी गठन किया गया है. पांचवे दिन भी जारी रहा अभियान सदर एसडीएम संजय कुमार की अनूठी पहल पर जनसहयोग से संचालित आपन सरस्वतिया अभियान के तहत शुक्रवार को पांचवें दिन भी सरस्वतिया नदी की सफाई व डी-सिल्टिंग (गाद हटाना) का कार्य जारी रहा. इस अभियान से अब स्थानीय लोग भी स्वैच्छिक रूप से जुड़ने लगे हैं, जिससे यह एक जनआंदोलन का रूप लेता जा रहा है. शुक्रवार को अभियान के तहत सरस्वती नदी किनारे अवस्थित समीम टेलर्स के समीप नदी क्षेत्र में वर्षों से जमा गाद, अस्थाई अवरोधों और कचरे को हटाया गया. शुक्रवार को मां कंस्ट्रक्शन के प्रोपराइटर विकेश तिवारी ने जेसीबी मशीन उपलब्ध करायी. वहीं, नगर परिषद की ओर से नगर प्रबंधक रोहित समद व स्वच्छता पर्यवेक्षक भूपेंद्र कुमार ने अपनी टीम के साथ मौके पर मुस्तैद रहकर अभियान में सक्रिय भूमिका निभायी.
आपन सरस्वतिया अभियान का मेराल में विस्तार, कल से होगी सफाई
आपन सरस्वतिया अभियान का मेराल में विस्तार, कल से होगी सफाई
