प्रतिनिधि, गढ़वा गढ़वा शहर की ऐतिहासिक और प्राकृतिक धरोहर सरस्वती (सरस्वतिया) नदी के पुनरुद्धार को लेकर सोमवार को गंगा दशहरा के अवसर पर महाअभियान की शुरुआत की गयी. सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) संजय कुमार के आह्वान पर शुरू हुए ‘आपन सरस्वतिया’ अभियान के तहत नदी की सफाई और गाद हटाने का कार्य युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया गया है. अभियान में शहर की विभिन्न सामाजिक और व्यावसायिक संस्थाओं ने स्वैच्छिक सहयोग देकर भागीदारी निभायी है. अभियान के पहले दिन शिवालया कंस्ट्रक्शन लिमिटेड ने सफाई कार्य के लिए पोकलेन मशीन उपलब्ध कराया. वहीं नगर परिषद की ओर से जेसीबी मशीन और सफाई कर्मियों को लगाया गया. गढ़वा केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन ने अभियान में लगी गाड़ियों के लिए एक दिन के डीजल की व्यवस्था कर सामाजिक जिम्मेदारी निभायी. शिवालया कंस्ट्रक्शन के बृजेश कुमार यादव, नगर परिषद के नगर प्रबंधक ओमकार यादव और गढ़वा केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के आद्याशंकर पांडेय, संतोष दुबे, वीरेंद्र कुमार व मनीष कुमार ने अभियान में सक्रिय सहयोग दिया. सामाजिक कार्यकर्ता सोनू सिंह, अभिषेक भारद्वाज समेत कई प्रबुद्ध नागरिकों ने भी अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी.
एसडीएम संजय कुमार ने सभी सहयोगी संस्थाओं के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि नदी के पुनरुद्धार के लिए जल संसाधन विभाग और अन्य संबंधित विभागों से समन्वय बनाकर सहयोग लिया जा रहा है. उन्होंने कहा कि प्रशासनिक प्रक्रियाओं में समय लगता है और मानसून नजदीक है. ऐसे में समय की जरूरत को देखते हुए जनसहयोग से तत्काल सफाई अभियान शुरू कराया गया है. उन्होंने शहर की अन्य संस्थाओं और जागरूक नागरिकों से भी अभियान से जुड़ने की अपील की.
