भवनाथपुर (गढ़वा): श्री सर्वेश्वरी समूह शाखा भवनाथपुर में सोमवार को समूह का 66वां स्थापना दिवस श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया. परम पूज्य अघोरेश्वर भगवान राम द्वारा स्थापित श्री सर्वेश्वरी समूह एक आध्यात्मिक एवं सामाजिक संस्था है, जिसका प्रमुख उद्देश्य मानव सेवा और लोककल्याण है.
प्रभात फेरी से हुई कार्यक्रम की शुरुआत
स्थापना दिवस कार्यक्रम की शुरुआत प्रभात फेरी से हुई. प्रभात फेरी आश्रम परिसर से निकलकर भवनाथपुर बाजार होते हुए ब्लॉक मोड़ तक गई. इसके बाद श्रद्धालु विभिन्न मार्गों से भ्रमण करते हुए पुन: आश्रम पहुंचे. इस दौरान श्रद्धालुओं ने पूज्य अघोरेश्वर भगवान राम के जयकारे लगाये, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया. आश्रम परिसर में शाखा के उपाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार सिंह ने झंडोत्तोलन किया. इसके बाद सफल योनि का पाठ किया गया. पूजा-अर्चना और आरती के बाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया.
ये भी पढ़ें- दो नाबालिग सहेलियां लापता, परिजनों ने कहा- शादी की नीयत से दोनों को ले गए युवक; के दर्ज
मानव सेवा और लोककल्याण का लिया संकल्प
स्थापना दिवस के अवसर पर उपस्थित सदस्यों और श्रद्धालुओं ने श्री सर्वेश्वरी समूह की सेवा भावना और मानव कल्याण के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया. वक्ताओं ने कहा कि समूह आध्यात्मिक चेतना के साथ मानव सेवा, सद्भाव और सामाजिक उत्थान के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ा रहा है. जरूरतमंदों की सेवा और समाजहित के कार्यों में सक्रिय योगदान देना समूह की मूल भावना है. कार्यक्रम में सुनील सिंह, अनिरुद्ध राम, बसंत राम, रविकांत सिंह, उपेंद्र सिंह, जवाहिर सिंह, सुरेश कुमार गुप्ता, पपन सिंह सहित अन्य सदस्य और महिलाएं उपस्थित थीं.
