East Singhbhum: आखिरकार खत्म हुआ भाटिन माइंस में मजदूरों का हड़ताल, कई बातों पर सहमति

East Singhbhum (जादूगोड़ा): यूसिल भाटिन माइंस में पिछले चार दिनों से जारी मजदूरों का हड़ताल समाप्त हो गया है. प्रबंधन ने मजदूरों की कई मांगें मान ली है. शुक्रवार ए शिफ्ट से मजदूर काम पर वापस लौटेंगे.

East Singhbhum (जादूगोड़ा): यूरेनियम कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (यूसिल) के भाटिन माइंस में पिछले चार दिनों से जारी ठेका मजदूरों की हड़ताल गुरुवार को समाप्त हो गई. प्रबंधन, ठेका कंपनी और श्रमिक प्रतिनिधियों के बीच लंबी वार्ता के बाद विभिन्न मांगों पर सहमति बनने पर मजदूरों ने काम पर लौटने का फैसला किया. हड़ताल के कारण खनन और अयस्क ढुलाई पूरी तरह प्रभावित रही, जिससे उत्पादन पर असर पड़ा. हालांकि निर्णायक बैठक में वेतन, कौशल वर्गीकरण, भत्ते, नियुक्ति पत्र और श्रमिक कल्याण से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक सहमति बनी है.

मजदूर हित में हुआ समझौता

पूर्व जिला परिषद सदस्य सह मजदूर नेता बाघराय मार्डी ने समझौते को मजदूरों की एकजुटता की जीत बताते हुए कहा कि यह आंदोलन मजदूरों के अधिकारों और सम्मान की लड़ाई थी. लगातार चार दिनों तक शांतिपूर्ण ढंग से संघर्ष करने के बाद प्रबंधन को मजदूरों की मांगों पर विचार करना पड़ा, जो एक सकारात्मक संकेत है. उन्होंने कहा कि समझौते के तहत मजदूरों को दो दिनों का वेतन मिलेगा, जबकि शेष दो दिनों की भरपाई अतिरिक्त कार्य से की जाएगी. साथ ही पीएफ की राशि नियमित जमा, समय पर वेतन भुगतान और 30 दिनों के भीतर नियुक्ति पत्र जारी करने जैसे महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं.

बाघराय मार्डी ने यह भी कहा कि हमारी प्राथमिकता मजदूरों का हक और सुरक्षा है. यदि भविष्य में भी किसी प्रकार की अनदेखी या शोषण की स्थिति बनती है, तो मजदूर एकजुट होकर फिर से आवाज उठाएंगे.

सुविधाओं में सुधार पर जोर

समझौते के तहत कार्यस्थल पर कैंटीन, शौचालय और अन्य बुनियादी सुविधाओं में सुधार के लिए भी प्रबंधन और श्रमिक पक्ष ने संयुक्त रूप से काम करने की सहमति जताई है. मजदूरों की शिकायतों के समाधान के लिए साइट पर रजिस्टर रखने का भी निर्णय लिया गया है, जिससे समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित हो सके. वार्ता का माहौल सकारात्मक और सौहार्दपूर्ण रहा. दोनों पक्षों ने आपसी समझदारी के साथ आगे बढ़ने की बात कही. बताया गया है कि शेष मुद्दों की समीक्षा के लिए 15 दिनों के भीतर अगली बैठक आयोजित की जाएगी. खदान में कार्य फिर से सामान्य होने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई. शुक्रवार को ए शिफ्ट से मजदूर काम पर लौट जायेंगे.

ये भी पढ़ें…

झमाझम बारिश से बदला रांची के मौसम का मिजाज, लोगों को गर्मी से मिली राहत

Jamshedpur: टाटा मोटर्स कर्मियों के लिए बड़ी खुशखबरी, ग्रेड समझौते पर मुहर; बढ़ेगा वेतन

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >