अपराधियों और अवैध धंधेबाजों पर कसें नकेल, लापरवाही बर्दाश्त नहीं : एसएसपी

एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने गालूडीह और घाटशिला थानों का निरीक्षण किया। उन्होंने अवैध धंधों पर रोक और अपराधियों पर सख्त निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।

घाटशिला/गालूडीहपूर्वी सिंहभूम

जिले में कानून-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने और अपराधियों में डर पैदा करने के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. एहतेशाम वकारिब ने रविवार को गालूडीह और घाटशिला थानों का निरीक्षण किया. उन्होंने पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि जनता की शिकायतों के निपटारे में देरी और कानून-व्यवस्था में किसी भी तरह की कोताही कतई बर्दाश्त नहीं की जायेगी.

गालूडीह थाना: मामलों के निष्पादन में धीमी गति पर लगायी फटकारगालूडीह थाना पहुंचे एसएसपी ने थाना परिसर की साफ-सफाई, कार्यालय के अभिलेखों (रिकॉर्ड्स) के रख-रखाव और लंबित मामलों की बारीकी से समीक्षा की. मामलों के निष्पादन में धीमी गति पर असंतोष जाहिर करते हुए उन्होंने थाना प्रभारी अंकु कुमार को कड़ी फटकार लगायी और कार्यशैली में सुधार लाने के निर्देश दिये.

एसएसपी ने कहा कि थानों में दर्ज पुराने और लंबित मामलों का निष्पादन युद्ध स्तर पर सुनिश्चित किया जाये. फरार चल रहे आरोपियों को दबोचने के लिए विशेष अभियान चलाया जाये. आम जनता के साथ पुलिस का व्यवहार संवेदनशील होना चाहिए ताकि लोगों का पुलिस पर भरोसा बढ़े.

घाटशिला थाना : अवैध बालू, ड्रग्स और जुए के खिलाफ जीरो टॉलरेंस

एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब घाटशिला थाना पहुंचे. उन्होंने एसडीपीओ विकास आनंद लागुरी और थाना प्रभारी राजेंद्र मुंडा की उपस्थिति में क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. हालांकि, वर्तमान में अपराध नियंत्रण की स्थिति पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया, लेकिन साथ ही भविष्य के लिए रणनीति को और आक्रामक बनाने का निर्देश दिया.एसएसपी ने साफ तौर पर कहा कि क्षेत्र में फल-फूल रहे अवैध कारोबारों को समूल नष्ट करना पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए. जुआ, सट्टा, लॉटरी, प्रतिबंधित ड्रग्स की तस्करी और नदियों से अवैध बालू के उठाव व व्यापार के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की जाये.क्षेत्र के चिन्हित असामाजिक तत्वों, पुराने दागियों और गुंडों की सूची अपडेट कर उन पर 24 घंटे निगरानी रखी जाये.

फ्रेंडली पुलिसिंग और सीधे संपर्क पर जोरजिले में भयमुक्त वातावरण बनाने के लिए एसएसपी ने फ्रेंडली पुलिसिंग का नया मंत्र दिया. उन्होंने निर्देश दिया कि पुलिस का चेहरा जनता के लिए मददगार और अपराधियों के लिए काल होना चाहिए. आम लोगों को आपातकालीन स्थिति में भटकना न पड़े, इसके लिए एसएसपी ने एक बड़ा फैसला लेते हुए निर्देश दिया कि सभी थाना प्रभारियों और एसडीपीओ कार्यालयों के मोबाइल नंबरों का सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि कोई भी पीड़ित व्यक्ति सीधे आला अधिकारियों से संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज करा सके.

हाइवे और अंदरूनी इलाकों में बढ़ेगी नाइट पेट्रोलिंग सुरक्षा के मद्देनजर एसएसपी ने नेशनल हाइवे और ग्रामीण व अंदरूनी इलाकों में रात्रि गश्त (नाइट पेट्रोलिंग) को और अधिक सघन करने का आदेश दिया है. उन्होंने जवानों को मुस्तैद रहने की हिदायत देते हुए कहा कि गश्ती के दौरान किसी भी प्रकार की शिथिलता पाए जाने पर संबंधित पुलिस अधिकारी के खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की जायेगी.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Mdparwez

Published by: Priya Gupta

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >