पटमदा.
पटमदा समेत जिले की विभिन्न जनहित से जुड़े समस्याओं को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता विश्वनाथ महतो व उत्तम महतो ने शुक्रवार को उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी से मुलाकात कर चार मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन में प्रशासन का ध्यान आम जनता की सुविधा, सड़क सुरक्षा, पारदर्शिता एवं बुनियादी सेवाओं की बदहाली की ओर आकृष्ट कराया गया. ज्ञापन में जिले में ड्राइविंग लाइसेंस निर्माण प्रक्रिया में व्याप्त भ्रष्टाचार व बिचौलियों की भूमिका पर चिंता जतायी गयी. सभी प्रखंड कार्यालयों में विशेष शिविर लगाकर लाइसेंस निर्माण की सुविधा दी जाये. एजेंटों की कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई करने व लाइसेंस जारी करने से पूर्व आवेदकों की वास्तविक ड्राइविंग क्षमता व ट्रैफिक नियमों की जांच की जाये. पटमदा के कुमीर से दांदुडीह पश्चिम बंगाल सीमा तक 11 करोड़ की लागत से बनी सड़क तीन माह में क्षतिग्रस्त हो गयी. इसकी गुणवत्ता पर उच्चस्तरीय तकनीकी जांच, दोषी संवेदक व अधिकारियों पर कार्रवाई तथा सड़क की गुणवत्तापूर्ण मरम्मत की मांग की गयी. ज्ञापन में बताया गया कि पटमदा व बोड़ाम के ग्रामीण क्षेत्रों में 2जी नेटवर्क के कारण जन वितरण प्रणाली बाधित हो रही है. इसे देखते हुए सभी राशन दुकानों में 4जी/हाईफाई युक्त नयी ई-पॉस मशीनें शीघ्र उपलब्ध कराने की भी मांग की गयी. पटमदा मॉडल इंग्लिश स्कूल का नया भवन 10 साल से बनकर तैयार है. नये भवन को विद्यालय प्रबंधन को अभी तक नहीं सौंपा गया है. इस पर चिंता जतायी गयी. जर्जर भवन में पढ़ रहे बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए जल्द ही नये भवन में विद्यालय को शिफ्ट करने की मांग की गयी. साथ ही आवश्यक फर्नीचर एवं स्टाफ की व्यवस्था करने की मांग की गयी. उपायुक्त ने प्रतिनिधिमंडल को जांच का आश्वासन दिया है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
