गालूडीह.
एमजीएम थाना क्षेत्र की दलदली पंचायत स्थित गोविंदपुर गांव से सटे इलाके में महुआ शराब चुलाई के कई केंद्र खुल गये हैं. यहां खुलेआम महुआ शराब की चुलाई की जाती है. शराब भट्ठियों में बेची जा रही है. शाम ढलते ही शराबियों की जमावड़ा लगता है. नशे में धुत्त लोगों की करतूतों से महिलाएं, बच्चे व आम लोगों की परेशानी बढ़ गयी है. ग्रामीणों ने बताया कि कई बार शिकायत की गयी. महुआ शराब के अवैध कारोबारियों पर कार्रवाई नहीं हुई. शराब भट्ठियों में आपराधिक चरित्र के लोगों का जमावड़ा लगता है. ग्रामीण खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं. ग्रामीणों ने अवैध महुआ चुलाई केंद्र और शराब भट्ठियों को बंद कराने के लिए कई बार आवाज उठायी, पर कार्रवाई नहीं होने से निराशा है. अवैध कारोबारियों का मनोबल बढ़ रहा है. यह इलाका एमजीएम थाना क्षेत्र से काफी दूर अंतिम सीमा पर है. इसके कारण गाहे-बेगाहे पुलिस आती है. इसका फायदा अवैध धंधे बाज उठा रहे हैं. हालांकि, पुलिस-प्रशासन से कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है. महिलाएं ज्यादा परेशान हैं. वे कहती हैं युवा नशे में बर्बाद हो रहा है. गांव में भट्ठियां बंद होंगी, तो नशा से युवा दूर होंगे. घर-परिवार बर्बाद होने से बचेगा.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
