East Singhbhum (जादूगोड़ा): श्री श्री मां रंकनी मंदिर में चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर आयोजित 24 प्रहर अखंड महामंत्र नाम यज्ञ संकीर्तन का शुभारंभ मंगलवार को भव्य कलश यात्रा एवं षष्ठी गंधादिवस के साथ श्रद्धा और उल्लास के बीच किया गया. इस दौरान पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया. आयोजन के तहत निकाली गई कलश यात्रा में 151 महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया. महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश लिए मंदिर परिसर से निकलीं और निर्धारित मार्गों से होते हुए पुनः मंदिर पहुंचीं.
श्रीराम के नाम का जयघोष
कलश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं द्वारा हरिनाम संकीर्तन, भजन-कीर्तन और जय श्रीराम के उद्घोष से वातावरण गुंजायमान हो उठा. जगह-जगह श्रद्धालुओं ने कलश यात्रा के स्वागत में पुष्प वर्षा की. कलश यात्रा में पुरुष, युवा और बच्चे भी बड़ी संख्या में शामिल हुए, जिससे आयोजन की भव्यता और बढ़ गई. मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं. पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन और व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्वयंसेवक सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं.
28 मार्च को महाभंडारा
मंदिर चेरीटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बैजू सिंह ने बताया कि यह धार्मिक आयोजन क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि और जनकल्याण की भावना से किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि 28 मार्च शनिवार को वैष्णव सेवा के तहत दरिद्रनारायण भोज का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को प्रसाद ग्रहण कराया जाएगा. इसके साथ ही जरूरतमंद एवं गरीबों के बीच वस्त्र वितरण भी किया जाएगा, ताकि समाज के कमजोर वर्गों तक सेवा और सहयोग का संदेश पहुंच सके. उन्होंने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है.
ये भी पढ़ें…
Saraikela: खट्टी इमली लोगों के जीवन में भर रही मिठास, ग्रामीणों को मिल रहा है रोजगार
Ranchi: पिठोरिया में बेलवरण पूजा के साथ चैत्र नवरात्र का शुभारम्भ, भक्तों ने मां के किए दर्शन
