East Singhbhum News : घाटशिला में जल्द शुरू होगा स्पंद हॉस्पिटल का ओपीडी
घाटशिला. मऊभंडार बी-ब्लॉक महावीर क्लब की ओर से रविवार को निःशुल्क मेगा हेल्थ चेक-अप कैंप का आयोजन किया गया. राय कमला मेडिकल स्टोर घाटशिला एवं स्पंद मल्टीस्पेशलिटी जमशेदपुर के सहयोग से शिविर में करीब 200 मरीजों की जांच कर चिकित्सकीय परामर्श व दवा दी गयी. शिविर में फ्री पल्मोनरी फंक्शन टेस्ट, अल्ट्रासाउंड, शुगर, ब्लड प्रेशर (बीपी) और वजन की जांच हुई. जिला परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष राजकुमार सिंह व मऊभंडार ओपी प्रभारी नीरज कुमार गुप्ता ने शिविर का उद्घाटन किया. शिविर में विधायक सोमेश चंद्र सोरेन भी शामिल हुए. उन्होंने कहा कि महंगे चिकित्सा उपकरणों के माध्यम से निःशुल्क जांच उपलब्ध कराना आम लोगों के लिए बड़ी राहत है. महावीर क्लब ने अपने सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए ऐसा स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया है.
सेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण है महावीर क्लब का स्वास्थ्य शिविर
मौके पर विधायक मंगल कालिंदी ने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के द्वारा राज्यभर के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किए जा रहे है. महावीर क्लब द्वारा आयोजित यह शिविर सेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण है. उन्होंने क्लब के सदस्यों और चिकित्सकों का आभार जताते हुए कहा कि इस तरह के शिविर पंचायत और गांव स्तर पर भी आयोजित किए जाने चाहिए, ताकि जरूरतमंद लोगों को समय पर इलाज मिल सके और गंभीर बीमारियों की पहचान हो सके. स्पंद मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल जमशेदपुर के एमडी डॉ राम कुमार ने बताया कि स्पंद हॉस्पिटल बेहतर स्वास्थ्य सेवा के लिए प्रतिबद्ध है और जल्द ही घाटशिला में ओपीडी की शुरुआत की जायेगी. इससे स्थानीय लोगों को नियमित स्वास्थ्य सुविधा मिलेगी. गौरीकुंज उन्नयन समिति के अध्यक्ष तापस चटर्जी ने शिविर के सफल आयोजन पर महावीर क्लब को बंगला साहित्यकार विभूति भूषण बंदोपाध्याय की तस्वीर देकर शुभकामनाएं दीं. मौके पर राय कमला मेडिकल स्टोर के संचालक अमित राय, क्लब के संरक्षक काल्टू चक्रवर्ती, अरुण सिंह, मऊभंडार ओपी प्रभारी नीरज कुमार गुप्ता, पंसस विजय पांडेय, मुखिया शांखी हांसदा, उप मुखिया रूपेश दूबे, शिव हांसदा, भाजपा जिला मंत्री राहुल पांडेय, नवल सिंह, सिद्धार्थ राय, नवनीत लाल पटेल, धर्मेंद्र सिंह, कौशिक कुमार, सोनाराम सोरेन, सुशील मार्डी, सौरव बोस, अंकुर कावड़ी आदि उपस्थित थे.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.