ऊर्जा मंत्री का बेटा चला रहा है विद्युत विभाग

घाटशिला : घाटशिला अनुमंडल कार्यालय के समक्ष बुधवार को भाजपा ने ग्रामीण जिलाध्यक्ष दिनेश साव की अध्यक्षता में लचर विद्युत व पेयजल व्यवस्था तथा और सड़क तथा कानून व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग पर एक दिवसीय महाधरना दिया और राज्यपाल के नाम एसडीओ को ज्ञापन सौंपा. धरना में बोलते हुए भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष […]

घाटशिला : घाटशिला अनुमंडल कार्यालय के समक्ष बुधवार को भाजपा ने ग्रामीण जिलाध्यक्ष दिनेश साव की अध्यक्षता में लचर विद्युत व पेयजल व्यवस्था तथा और सड़क तथा कानून व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग पर एक दिवसीय महाधरना दिया और राज्यपाल के नाम एसडीओ को ज्ञापन सौंपा.

धरना में बोलते हुए भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डा गोस्वामी ने कहा कि राज्य के ऊर्जा मंत्री का बेटा विद्युत विभाग चला रहा है. ऊर्जा मंत्री के पुत्र विभाग में ट्रांसफर- पोस्टिंग तथा उपकरणों की खरीदारी में व्यस्त हैं. यह राज्य का दुर्भाग्य है. जब मंत्री पुत्र ही विभाग चलायेंगे, तो राज्य में विद्युत की स्थिति कैसे सुधरेगी. उन्होंने कहा कि भाजपा इसे बरदाश्त नहीं करेगी.

उन्होंने कहा कि राज्य में विद्युत की स्थिति दयनीय है. लोगों को पीने के लिए स्वच्छ पानी नहीं मिल रहा है. सड़कें बदहाल हैं, परंतु इनसे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को कोई वास्ता नहीं है. राज्य में आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं और मंत्री पुत्र द्वारा थानों की बिक्री की जा रही है. कौन थाना प्रभारी कहां रहेगा. इसकी बोली लग रही है.

कुंभकर्णी निद्रा में है सरकार : अशोक षाड़ंगी

भाजपा के जिला प्रभारी अशोक षाड़ंगी ने धरना में कहा कि राज्य की हेमंत सरकार कुंभकर्णी निद्रा में सोयी है. राज्य के अफसर अफसरशाही में व्यस्त हैं. इन पर सरकार का कोई अंकुश नहीं है. बालू की नीलामी में मुंबई के लोग भाग ले रहे हैं. ऐसे में राज्य का विकास कभी संभव नहीं है. महाधरना को ग्रामीण जिलाध्यक्ष दिनेश साव, सरोज महापात्र, चंडी चरण साव, असित सिंह सरदार, लखन मार्डी, निर्मल दूबे, शंभु नाथ मल्लिक, सुभाष मुमरू, लक्ष्मण टुडू, भोगेन सोरेन ने भी संबोधित किया. संचालन दिनेश साव और धन्यवाद ज्ञापन भरत चंद्र भकत ने किया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >