घटना की जांच में जुटी पुलिस
हेलमेट पहने हुए थे दोनों अपराधी
सोने की चेन की कीमत करीब 20 हजार थी
धालभूमगढ़ : धालभूमगढ़ थाना क्षेत्र के बोस कॉलोनी में घर के बाहर झाड़ू लगा रही एक महिला से दिनदहाड़े बाइक सवार दो अपराधियों ने सोने की चेन छिनतई कर ली. घटना गुरुवार सुबह करीब दस बजे की है. चेन की कीमत करीब 20 हजार रुपये बतायी जाती है. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है. जानकारी के अनुसार बोस कॉलोनी निवासी प्रखंड वरिष्ठ नागरिक फोरम के उपाध्यक्ष शिव राज महतो की पत्नी बासंती महतो घर के मुख्य दरवाजे पर झाड़ू लगा रही थी. इस दौरान गेट खुला हुआ था. तभी हेलमेट पहने हुए बाइक से सवार दो युवक घर के पास रुक गये.
और उनमें से एक पता पूछने के बहाने बासंती महतो के पास चला गया. उसने महिला से पूछा कि मोहन का घर कौन सा है. इससे पहले की बासंती कुछ बोलती, तब तक उसने बासंती के गले में झपटा मार सोने की चेन खींच लिया और बाइक पर सवार होकर दोनों भाग गये. शिवराज महतो ने बताया कि वे उस समय बरामदे में बैठकर चाय पी रहे थे. शोर सुनने पर वे वहां पहुंचे, लेकिन तब तक अपराधी फरार हो चुके थे. घटना के समय घर में पति-पत्नी के अलावा कोई नहीं था. शिवराज महतो ने बताया कि चेन छिनतई की सूचना धालभूमगढ़ थाने को दे दी गयी है. उन्होंने बताया कि चेन की वर्तमान बाजार मूल्य करीब बीस हजार रुपये है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
